पं. प्रदीप मिश्रा के छिंदवाड़ा पहुंचने पर कमलनाथ और नकुलनाथ ने अगवानी की।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में पांच सितंबर से नौ सितंबर तक शिव महापुराण का आयोजन होने जा रहे हैं। इसके लिए प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा सोमवार को विशेष हेलीकप्टर सहित छिंदवाड़ा पहुंचे। नरसिंहपुर रोड स्थित हेलीपैड पर पहुंचना था लेकिन पहले वे शिकारपुर पहुंचे जहां कमल कुंज में पूर्व सीएम कमलनाथ, सांसद नकुलनाथ में उनकी अगवानी की। नकुलनाथ ने इस कथा का आयोजन किया है। इसके लिए व्यापक तैयारियां हो चुकी हैं।
निर्धारित समय अनुसार दोपहर 2:00 बजे प्रदीप मिश्रा का छिंदवाड़ा पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन वह शाम को 4:00 छिंदवाड़ा पहुंचे यहां से वे कमल कुंज में विश्राम करने के बाद नरसिंहपुर के हेलीपैड पहुंचे जहां भक्तों ने उनका स्वागत किया। पंडित प्रदीप मिश्रा का रोड शो नरसिंहपुर रोड से शुरू हुआ। पंडित मिश्रा को देखने के लिए काफी संख्या में श्रद्धालु भक्तों की भीड़ देखी गई, जिससे काफी देर तक ट्रैफिक जाम रहा। उनके साथ सांसद नकुलनाथ भी शोभायात्रा में शामिल हुए।
राजनीतिक महत्व है इस कथा का
कमलनाथ और नकुलनाथ ने पिछले दिनों बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा कराई थी। इस दौरान लाखों लोग छिंदवाड़ा आए थे। अब पंडित प्रदीप मिश्रा के भक्त भी बड़ी संख्या में वहां पहुंच सकते हैं। इसे कमलनाथ के सॉफ्ट हिंदुत्व के साथ ही इलाके के हिंदू वोटरों को आकर्षित करने का प्रयास बताया जा रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जामसांवली में भव्य हनुमान लोक बनाने की योजना का भूमिपूजन भी किया है।