मध्य प्रदेश में बसपा की विधायक रामबाई सिंह अक्सर अपने बयानों के लिए चर्चा में रहती हैं। बीते कुछ दिनों से उनकी सक्रियता सुर्खियां बटोर रही है। अब रामबाई ने गल्ला व्यापारियों को चेतावनी दी है।
दमोह जिले की पथरिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक रामबाई सिंह परिहार ने व्यापारियों की मीटिंग बुलाकर चेतावनी दी है। उन्होंने धमकीभरे अंदाज में अनाज खरीदने वाले व्यापारियों को समझाइश दी है। विधायक ने गल्ला व्यापारियों से कहा है कि यदि किसानों के भुगतान में किसी तरह की लापरवाही की गई तो ठीक नहीं होगा।
बता दें कि किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिलने की शिकायतें विधायक तक पहुंच रही थीं। इस पर शुक्रवार दोपहर विधायक रामबाई मंडी पहुंचीं और व्यापारियों के साथ मीटिंग की। रामबाई ने कहा कि एक लाख 99 हजार तक के भुगतान पर गल्ला व्यापारी किसानों से 2000 मुद्दत के तौर पर राशि काटते हैं। इसके बाद भी उन्हें भुगतान नहीं करते। इसलिए जो भी व्यापारी ऐसा करेगा उसे मुद्दत की राशि का तीन गुना जुर्माना देना पड़ेगा और लाइसेंस भी निरस्त करा देंगे। उसके लिए चाहे उन्हें व्यापारी के ड्रॉज से ही खुद पैसे क्यों ना निकालने पड़ें।
पथरिया विधायक ने कहा कि जिस भी व्यापारी के पास भुगतान करने के लिए पैसे नहीं हैं, वे मंडी में किसानों का अनाज ना खरीदें। यदि उनके पास एक भी शिकायत आई, तो ठीक नहीं होगा। मीटिंग में व्यापारी खामोश ही रहे और विधायक की हां में हां मिलाते रहे। सभी एक स्वर में कहा कि हम आपकी बात मानने को तैयार हैं।