वन विभाग की टीम ने गश्त बढ़ा दी है।
- फोटो : सोशल मीडिया
उमरिया जिले में लगातार बाघों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में बाघ अब जंगल से गांव की तरफ भी रुख कर रहे हैं, जिसका मूवमेंट लगातार जारी है। वहीं ऐसे में वनमंडल उमरिया के वन परिक्षेत्र पाली और घुनघुटी के वन क्षेत्र में रेलवे की तीसरी लाइन का निर्माण कार्य भी चल रहा है। निर्माणाधीन साइट में बाघ की मूवमेंट की जानकारी के बाद वन विभाग ने सुरक्षा को लेकर गश्त बढ़ा दी है।
बता दें कि घुनघुटी और पाली के जंगलों में वन्य प्राणी, बाघ और भालू की मूवमेंट हमेशा से रही है। वन विभाग रेलवे लाइन और निर्माणाधीन क्षेत्रों के साथ जंगल में गश्त में जुटा हुआ है। वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी निर्माणाधीन क्षेत्र में बाघ की मूवमेंट के बाद से ही पैदल गश्त कर रहे हैं। वन विभाग के अंतर्गत सूत्रों ने यह बताया कि वे एनएच 43 में पाली और घुनघुटी के वन क्षेत्रों में बाघ और वन्य प्राणियों के मूवमेंट वाले क्षेत्रों में अंडरपास निर्माण के लिए एमपीआरडीसी को पत्र भी लिखा है।
रिटायर्ड आईएफएस आरएस सिकरवार ने जानकारी देकर बताया है कि पूर्व में एमपीआरडीसी के अधिकारियों के साथ ही क्षेत्रों का दौरा कर स्थानों को चिह्नित कर निर्माण के लिए पत्र लिखा है। वहीं परिक्षेत्र अधिकारी घुनघुटी अर्जुन सिंह ने बताया कि बाघ और वन्य प्राणियों की मूवमेंट वाले क्षेत्रों में और रेलवे लाइन के किनारे और सड़क पर गश्त लगातार की जा रही है।