हनुमान मंदिर में कमलनाथ ने की पूजा
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में हनुमान जयंती पर सिमरिया स्थित हनुमान मंदिर में परिवार के साथ भगवान बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान उनके साथ सांसद नकुलनाथ और उनकी धर्मपत्नी प्रियानाथ भी मौजूद थीं। इससे पहले सांसद नकुलनाथ ने हेलीकॉप्टर से जाम सावली और सिमरिया हनुमान मंदिर में पुष्प वर्षा की।
बता दें कि गुरुवार सुबह सांसद नकुलनाथ ने जाम सावली मंदिर पहुंचकर राम भक्त बजरंगबली हनुमान की पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना का आशीर्वाद लिया। गौरतलब है कि छिंदवाड़ा में सुबह से ही हनुमान जन्मोत्सव पर संकट मोचक भगवान हनुमानजी के जन्मोत्सव पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा। पूजन अर्चन के इस क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और सांसद नकुलनाथ ने परिवार सहित सिद्ध सिमरिया धाम में पूजा-अर्चना की।
सांसद नकुलनाथ ने जाम सावली हनुमान मंदिर में माथा टेका और पूजा-अर्चना कर सर्व कल्याण की कामना की। इसके बाद सांसद नकुलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सिद्ध सिमरिया धाम में अभिषेक पूजन कर जिले, प्रदेश और देश में सुख-शांति और समृद्धि के लिए भगवान संकट मोचन से प्रार्थना की। मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक पूजन अर्चन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और सांसद नकुलनाथ छोटी बाजार स्थित राम मंदिर के लिए रवाना हुए।