भोपाल में दुष्कर्म के मामले में मिर्ची बाबा उर्फ वैराज्ञानंद गिरी सेंट्रल जेल में बंद है। वह खुद को बेगुनाह बता रहा है। जेल में मिर्ची बाबा की रात नहीं कट रही है। बता दें महिला से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार मिर्ची बाबा को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है।
भोपाल के सेंट्रल जेल के सूत्रों के अनुसार मिर्ची बाबा को दूसरे कैदियों के साथ ही बैरक में रखा है। जेल में खाना देने पर पहले तो खाने से मना किया, लेकिन बाद में खा लिया। मिर्ची बाबा सभी से बेगुनाह होने और खुद को झूठे केस में फंसाने की बात कह रहा है। जमीन पर बाबा को नींद भी नहीं आ रही है।
बता दें रायसेन की रहने वाली महिला ने बाबा पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसकी शादी को चार साल हो गए। वह निसंतान है। इसलिए बाबा के संपर्क में आई थी। बाबा ने इसी वर्ष जुलाई में महिला को नशीली दवा खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला के विरोध करने पर कहा कि बच्चा ऐसे ही होता है। इस संबंध में महिला के पुलिस को शिकायत करने के बाद बाबा को ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया।
बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद भोपाल कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पुलिस ने बाबा की रिमांड नहीं मांगी, जिसके बाद कोर्ट ने मिर्ची बाबा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कोर्ट में पेश करने से पहले मिर्ची बाबा ने मीडिया के सामने इंकलाब जिंदाबाद का नारा लगाते हुए कहा था कि मुझे जबरन फंसाया जा रहा है। मैं अपनी लड़ाई लडूंगा।