कांग्रेस नेता डॉ. गोविंद सिंह
- फोटो : amar ujala
जबलपुर कृषि यूनिवर्सिटी में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के ससुर डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को कुलपति बनाने पर बवाल हो गया है। गोविंद सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी से नियुक्ति की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। साथ ही जांच नहीं होने पर हाई कोर्ट में याचिका लगाने की बात कही है।
डॉ. गोविंद सिंह ने शुक्रवार को पीसीसी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए बीजेपी और शिवराज सरकार पर यूनिवर्सिटी में एक विचाराधारा के लोगों को नियुक्ति देने का बड़ा आरोप लगाया। सिंह ने कहा कि बीजेपी की सरकार के द्वारा यूनिवर्सिटी की शिक्षा व्यवस्था चौपट की जा रही है। मध्य प्रदेश की यूनिवर्सिटी में अधिकतर अयोग्य लोगों को कुलपति बना दिया है। यूनिवर्सिटी में नियुक्तियां बिना योग्यता के हो रही है। अयोग्य लोगों को कुर्सियों पर बैठाया जा रहा है।
गोविंद सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि वे अपनी कुर्सी बचाने के लिए अपनी पार्टी के अध्यक्ष और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों से मिल बांटकर कर सौदा कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में भारी पैमाने पर बेरोजगारी है। शिवराज सिंह चौहान गलत आंकड़े प्रस्तुत कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा बेरोजगार रोजी रोटी के लिए तरस रहे हैं। इससे तंग आकर गलत कदम उठा रहे है। गोविंद सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह की सिफारिश पर गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने वीडी शर्मा की पत्नी की जबलपुर यूनिवर्सिटी में नियुक्ति और उसी में उनके ससुर को कुलपति बनाने पर सवाल उठाए हैं।