मत्स्योद्योग की डायरेक्टर के घर जारी ईओडब्लू की कार्रवाई।
- फोटो : अमर उजाला
टीकमगढ़ मत्स्योद्योग सहकारी समिति की डायरेक्टर के घर बुधवार सुबह आय से अधिक संपत्ति के मामले की शिकायत पर EOW की टीम ने छापा मारा। डायरेक्टर मीना रैकवार के निवास स्थानों पर आय से अधिक संपत्ति में मामले में तलाशी जारी है।
जांच में आए साक्ष्यों के आधार पर जानकारी में पाया गया कि मीना रैकवार लगभग 22 वर्षों से मतस्योध्योग सहकारी समिति महेंद्र सागर तालाब टीकमगढ़ की डायरेक्टर हैं। समिति के सदस्यों में लाभांश बराबर बांटा जाता है। इस अवधि में उन्हें तथा इनके परिजनों को अधिकतम साढ़े बारह लाख रुपये की आय इससे होना पाया गया है। जबकि इसी अवधि में इनके द्वारा लगभग 1 करोड़ 95 लाख रुपये की अचल सम्पत्ति और वाहन क्रय करने में व्यय करना पाया गया। जांच पर आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य पाए जाने पर प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की विवेचना निरीक्षक स्वर्णजीत सिंह धामी प्रकोष्ठ इकाई जबलपुर के द्वारा की जा रही है। विवेचना के दौरान आरोपी की अचल सम्पत्ति कृषि भूमि भू खंड क्रय करने ज़ेवर व वाहन क्रय करने बैंक लॉकर बैंक बीमा आदि में निवेश सहित आरोपी द्वारा अर्जित सम्पत्ति के सम्बंध में साक्ष्य जुटाने के लिए बुधवार EOW सागर और जबलपुर की संयुक्त टीम माननीय न्यायालय से विधिवत तलाशी की अनुमति प्राप्त कर आरोपी के निवास स्थानों पर तलाशी कार्रवाई प्रारम्भ की गई। तलाशी कार्रवाई जारी है।