एमपी में बिजली टॉवर की ड्रोन से होगी मॉनीटरिंग
- फोटो : पीटीआई
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के 10 हजार से ज्यादा बिजली टॉवर की ड्रोन से मॉनीटरिंग की जाएगी। सीएम ने इस प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर परियोजना का काम पूरा होने पर बधाई दी। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि काम की गुणवत्ता लगातार चेक करते रहें। हम थर्मल एनर्जी के बिना नहीं चल सकते। हमारा रोडमैप क्लियर होना चाहिए कि सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली हो। उन्होंने कहा कि हाइड्रो पावर की सप्लाई बेहतर तरीके से सुनिश्चित हो, इसका रोडमैप बनाएं।
सीएम ने कहा कि 2022-23 में विगत वर्ष की तुलना में हानियों में 51% कमी आई है, इसके लिए भी आपको बधाई। उपभोक्ताओं की संतुष्टि का प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रयास करें। सरकार इस विभाग को सबसे ज्यादा पैसा देती है। हम 23 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी दे रहे है। सीएम ने कहा कि बाढ़ के दौरान हमारा जो निचला अमला था, उसने बहुत अच्छा काम किया है।
अधिकारियों से सीएम ने पूछा कि हम बिजली बिल समाधान योजना लेकर आये थे। इसकी क्या प्रगति हुई? इस पर अधिकारियों ने जवाब दिया कि अब समाधान का कोई केस पेंडिंग नहीं है। बिल एड्जस्ट किये जा चुके हैं। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि उपभोक्ता संतुष्टि को लेकर हम अलग से बैठक करेंगे। ऊर्जा साक्षरता अभियान को ढंग से चलाएं।
सीएम ने सरकारी आवासों और कार्यालयों में बिजली की बचत करने और वहां भी ऊर्जा साक्षरता अभियान चलाना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि ऊर्जा साक्षरता मिशन को बढ़ावा देना आवश्यक है। साँची सोलर सिटी परियोजना पर तेजी से काम करें।
आगर-शाजापुर- नीमच सौर परियोजना, ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सौर परियोजना का काम समय पर पूर्ण हो, यह सुनिश्चित करें। नवकरणीय ऊर्जा के उत्पादों के लिए एक आउटलेट बनना चाहिए जिससे जनता आराम से उन्हें खरीद सके।