छिंदवाड़ा में अज्ञात बदमाशों ने तीन युवकों पर हमला कर दिया।
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश में कोयलांचल के उमरेठ थाना अंतर्गत ग्राम पांढरापानी में गुरुवार की देर रात घर में सो रहे तीन युवकों पर अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। अज्ञात हमलावरों ने सो रहे तीनों युवकों के सिर व चेहरे पर कई वार किए जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। शुक्रवार सुबह घूमने निकले लोगों ने तीनों युवकों को बेहोश अवस्था में पाया और पुलिस को सूचना दी थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायलों को परासिया अस्पताल पहुंचाया था, जहां से तीनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उमरेठ के ग्राम पांढरापानी में खेत में पवन यदुवंशी का मकान का काम चल रहा था। शुक्रवार रात में निर्माणाधीन मकान में पवन यदुवंशी, विशाल यदुवंशी तथा बादल उईके घर पर सो रहे थे। रात में अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से तीनों पर हमला करते हुए चेहरे तथा सिर पर कई वार किए। हमलावरों ने जब तक हमला किया जब तक वह बेहोश नहीं हो गए। रात भर बेहोश रहे। तीनों युवकों को सुबह वहां से गुजरने वाले लोगों ने देखा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई थी। निर्माणाधीन मकान में चारों तरफ खून फैला हुआ था।
इसके बाद पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों को परासिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर तीनों को जिला अस्पताल रैफर किया गया। इस घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। परासिया एसडीओपी अनिल शुक्ला इस घटना की खबर लगते ही घायलों का बयान लेने जिला अस्पताल पहुंचे थे। तीनों युवकों की हालत गंभीर बनी हु्ई है। जिला अस्पताल के डाक्टरों के अनुसार तीनों के स्वास्थ्य में सुधार नहीं है। उमरेठ पुलिस ने जांच शुरु कर दी है तथा कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि किन कारणों से इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस जल्द आरोपितों को पकड़ने की बात भी कर रही है।