राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन की अशोभनीय टिप्पणी के खिलाफ भाजपा गुरुवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगी। बीजेपी दोपहर 1 बजे गांधी प्रतिमा से राजभवन तक मार्च करेगी और अधीर रंजन की बर्खास्तगी के खिलाफ ज्ञापन देगी।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देश के सर्वोच्च पद पर आसीन आदिवासी अस्मिता की प्रतीक द्रौपदी मुर्मू का अपमान करना कांग्रेसियों के संस्कारों का आईना है साथ ही जनजातीय समाज के प्रति घृणा का प्रदर्शन भी है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा की गई बेहूदी हरकत के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी। कल दोपहर 1 बजे भोपाल में गांधीजी की प्रतिमा से भारतीय जनता पार्टी राजभवन तक मार्च करेगी और अधीर रंजन की बर्खास्तगी के लिए ज्ञापन देगी।
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के सदन में नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए अशोभनीय सम्बोधित करना राष्ट्र एवं संवैधानिक पद का अपमान है। ऐसे निकृष्ट मानसिकता वाले व्यक्ति पर कठोर कानूनी कार्यवाही होनी चाहिये। शर्मा ने कहा कि देश की आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनने से कांग्रेस दुःखी है। क्योंकि कांग्रेस ने हमेशा इस वर्ग का अपमान और तिरस्कार किया है। उन्होंने कहा कि जिस दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वयं एक महिला हो उस दल के सदन के नेता द्वारा महिला राष्ट्रपति के लिए बेहूदा टिप्पणी किया जाना बेहद शर्मनाक है। कांग्रेस को चाहिए कि वह अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ कार्यवाही कर उन्हें पार्टी से बाहर करें।
शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अधीर रंजन चौधरी के इस कृत्य पर घोर आपत्ति दर्ज करती है। साथ ही अधीर रंजन के खिलाफ प्रदेश भर में आंदोलन करेगी।