मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में बस पलटने से एक की मौत की जानकारी सामने आई है। बाइक सवार दंपती को बचाने में बस अनियंत्रित हुई और पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों को बचाने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। प्रत्यक्षदर्शी की मानें तो 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार हादसा गुरुवार को सनावद-कालमुखी रोड पर बांगड़दा में हुआ है। प्राथमिक सूचना के आधार पर बताया गया कि बस (एमपी-09-एफए-0988) खरगोन के सनावद से खंडवा के कालमुखी तक चलती है। रफ्तार से चल रही बस के आगे अचानक बाइक आ गई, जिसे बचाने की कोशिश में बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। ये भी पता चला है कि जिन बाइक सवारों को बचाने में बस पलटी है, वो भी बस के नीचे दब गए। पुलिस घटना में एक मौत की पुष्टि कर रही है, जबकि मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास से राहगीर मदद के लिए पहुंचे। लोगों को निकालना शुरू किया। पुलिस को भी सूचना दी गई। धनगांव व सनावद पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की सहायता से यात्रियों को बचाने की कोशिश की जा रही हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भेजा गया है। टीआई विनोद दीक्षित के मुताबिक बस में 35 यात्री सवार थे। इनमें एक यात्री की मौत हो गई। रजूर गांव के रहने वाले बाइक सवार बसंत पिता रणछोर की मौत हो गई है। वह अपनी पत्नी को लेकर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान बस की चपेट में आ गया। घायलों को सिविल अस्पताल सनावद भेजा गया है।
हादसे में ये हुए घायल
इस हादसे में संगीता बाई (35) पति राधेश्याम, सुखलाल (55) पिता सुखराम, कविता (27) पिता गणेश, बसुबाई (50) पति सुखलाल, नेहा (3) पिता नेपाल, सुभद्रा (36) पति भरत यादव, कमलेश (37) पिता यशवंत, सुंदरबाई (50) पति शिवलाल, सोनाबाई (50) पति रामदास और ममता (45) पति बसंत यादव गंभीर रूप से घायल हैं।