कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश में पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव खत्म होने के बाद अब कांग्रेस ने 2023 विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस निकाय चुनाव में सत्ताधारी भाजपा की मदद करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची तैयार कर रही है। इसके लिए कमलनाथ ने शिकायत प्रभारी नियुक्त कर व्हाट्सअप नंबर और ईमेल आईडी जारी किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्षों शहर और ग्रामीण को पत्र लिखकर सरकार की मदद करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की शिकायत करने को कहा है। इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री ने चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी को चुनाव शिकायत प्रभारी बनाया है। शिकायत में अधिकारी का पदनाम और पदस्थापना की जगह लिखनी होगी। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शिकायत करने के लिए ईमेल आईडी-
knathelectioncomplaints@gmail.com और मोबाइल व्हाट्सएप नंबर- 94259 83398 जारी किया है। दोनों पर साक्ष्यों के साथ जिला अध्यक्ष को अधिकारियों की शिकायत करने को कहा गया है।
बता दें कमलनाथ पहले भी कई बार खुले मंच से सत्ता में लौटने पर अधिकारियों को देख लेने की धमकी दे चुके हैं। पिछले दिनों पंचायत और निकाय चुनाव के बाद कमलनाथ ने जारी बयान में कहा था कि बीजेपी का बिल्ला लेकर घूमने वाले अधिकारियों से कांग्रेस सत्ता में लौटने के बाद हिसाब करेगी। कमलनाथ बीजेपी पर लगातार पैसा, पुलिस और प्रशासन से नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव जीतने का आरोप लगा चुके हैं। कमलनाथ ने कहा कि पद का दुरुपयोग करने वाले अधिकरियों का कांग्रेस की सरकार बनने पर हिसाब किया जाएगा।