मध्य प्रदेश में गर्मी अब असहनीय स्थिति में पहुंच चुकी है। तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना हुआ है। खरगोन सबसे गर्म रहा। यहां पारा 43 के पार चला गया है। सीधी की रात सबसे गर्म रही। प्रदेश के 12 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। अफगानिस्तान और उसके आसपास पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हुआ है। इन तीन सिस्टम के असर से गुजरात, महाराष्ट्र एवं राजस्थान में अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना है। पड़ोसी राज्यों महाराष्ट्र, राजस्थान एवं गुजरात में भीषण गर्मी पड़ रही है। वहां से लगातार आ रही गर्म हवाओं से पिछले पांच दिनों से मध्य प्रदेश में भी अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।
तपने लगा निमाड़
मौसम विभाग के आंकड़ों की बात करें तो खरगोन में दिन तो सीधी में रात सबसे गर्म रही। खरगोन में 43.2, खंडवा में 42.5, रतलाम-दमोह में 42, खजुराहो में 41.8, राजगढ़ में 41.6, शाजापुर-रीवा-सतना-सीधी-उमरिया में 41.4, मंडला-सिवनी में 41.2, जबलपुर में 41.1, धार-होशंगाबाद-नरसिंहपुर-नौगांव में 41 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।
सीधी में रात का पारा 24 के पार
प्रदेश के न्यूनतम तापमान की बात करें तो सीधी में 24.4, इंदौर में 22.9, सतना में 22.5, खंडवा-सागर में 22.4, जबलपुर में 22.3, दमोह में 21.8, सिवनी में 21.4, शाजापुर में 21.1, होशंगाबाद-खरगोन में 22, रतलाम-छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर-टीकमगढ़ में 21 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 40.6 और 20.8, इंदौर में 38.9 और 22.9, ग्वालियर में 39.7 और 22, जबलपुर में 41.1 और 22.3 तापमान रहा।
कैसा रहेगा आगे मौसम
मौसम केंद्र की रिपोर्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे शुष्क रहे। रीवा, सतना, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सागर, दमोह, रतलाम में लू का प्रभाव रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि अगले 24 घंटों में छिंदवाड़ा, छतरपुर, दमोह, राजगढ़, धार, खंडवा, खरगोन, गुना, ग्वालियर, नर्मदापुरम, रतलाम, शाजापुर जिलों में लू चलने की संभावना है।