मध्य प्रदेश में तापमान गिरा है। लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। पश्चिमी विक्षोभ से हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिमी होने के कारण पारा लुढ़का है। इंदौर की रात सबसे गर्म रही। वहीं होशंगाबाद में दिन सबसे गर्म रहा।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक ही पारा करीब 2 डिग्री तक लुढ़का है। अफगानिस्तान और उससे लगे हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अरब सागर में प्रति चक्रवात के कारण राजस्थान और गुजरात की ओर से आ रहीं गर्म पश्चिमी हवाओं ने प्रदेश का तापमान बढ़ा दिया था। अब पश्चिमी विक्षोभ से हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिमी होने के कारण गुजरात और राजस्थान में भी तापमान में कमी आई है। इससे मध्य प्रदेश में भी कुछ राहत रहेगी।
मौसम विभाग के आंकड़ों की बात करें तो होशंगाबाद (नर्मदापुरम) में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा रहा। होशंगाबाद में 41.5, खरगोन में 41, रतलाम में 40.2, खंडवा में 40.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इंदौर में रात सबसे गर्म रही। इंदौर में 22, सीधी में 21.8, सागर में 20.8, सतना-टीकमगढ़ में 20.7, होशंगाबाद-रतलाम में 20.6, खंडवा-दमोह-जबलपुर में 20.4, शाजापुर में 20.3, ग्वालियर में 20.1, सिवनी में 20 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।
प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 37.6 और 18.6, इंदौर में 36.4 और 22, ग्वालियर में 38.7 और 20.1, जबलपुर में 39 और 20.4 डिग्री तापमान रहा। मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। नर्मदापुरम और रतलाम संभाग में लू का प्रभाव रहा। अगले 24 घंटे में भी यहां लू चल सकती है। रात के तापमान सबसे ज्यादा गिरावट उमरिया में रही। यहां का न्यूनतम तापमान 24 घंटे में 4.6 डिग्री तक लुढ़का है।