मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम बारिश जैसा बना रहा। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। बादल रहने से ठंड से राहत महसूस की गई। लगभग पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान10 डिग्री से ऊपर ही रहा। धार और नौगांव में रात का पारा साढ़े आठ डिग्री के आसपास बना रहा। रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों की बात करें तो धार में 8.4, नौगांव में 8.3, भोपाल में 13.4, इंदौर में 13.0, ग्वालियर में 10.8, जबलपुर में 14.9 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो दतिया में 18.1, भोपाल में 26, इंदौर में 23.8, ग्वालियर में 20, जबलपुर में 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
शनिवार को 36 जिलों में 141 केंद्रों पर बारिश दर्ज की गई। रीवा में 15.2, नरसिंहपुर में 9, उमरिया में 7.4, मंडला में 7, दमोह में 6, जबलपुर में 5.9, सीधी में 4.6, सतना में 3.8, धार में 3.2, रतलाम में 3, खजुराहो में 2.4, शाजापुर में 2.2, नौगांव में 2, भोपाल-सिवनी-रायसेन में 1.2, ग्वालियर में 0.5, इंदौर-मलाजखंड में 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार को भी बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है। मौसम के जानकारों की मानें तो दरअसल, अभी एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इसके प्रभाव से ही पश्चिमी राजस्थान के मध्य में एक प्रेरित कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कई हिस्सों में प्रेरित कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इन दो वेदर सिस्टम के असर से रविवार को भी पूरे प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना भी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों में एक बार फिर कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू होगा और तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट आ सकती है।