फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP Lok Sabha Phase 4 Election Live: छह बजे तक 71.72% मतदान, सैलाना विधानसभा में सबसे अधिक तो इंदौर-3 में कम

Mon, 13 May 2024 07:59 PM IST
उदित दीक्षित न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

खास बातें

Mp Lok Sabha Election 2024 Phase 4 Voting: नमस्कार! मध्य प्रदेश अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का आज मतदान है। प्रदेश की आठ सीटों पर वोटिंग हो रही है। पढ़ें पल-पल की अपडेट...।
विज्ञापन
मध्य प्रदेश की आठ सीटों पर शाम 6 बजे तक हुआ मतदान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:38 PM, 13-May-2024

मप्र में शाम 6 बजे तक कुल 71.72 प्रतिशत मतदान
मध्य प्रदेश में लोकसभा के चौथे चरण में आठ सीटों पर मतदान हुआ। मुख्य निर्वाचर अधिकार अनुपम राजन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में जारी शाम 6 बजे तक के आंकड़े में प्रदेश में 71.72 प्रतिशत मतदान हुआ है। हालांकि आंकड़े और बढ़ने की संभावना है। 6 बजे बाद भी कई मतदान केंद्रों पर मतदाता कतार में लगे थे। 

कहां-कितना रहा मतदान

देवास 74.86 
उज्जैन 73.03
मंदसौर 74.50
रतलाम 72.86
धार 71.50
इंदौर 60.53
खरगौन 75.79
खंडवा 70.72
 
सबसे ज्यादा मतदान सैलाना 84.51%
सबसे कम मतदान इंदौर 3 56.54%
 
पुरुष मतदाता 75.01%
महिला मतदाता 68.45%

06:48 PM, 13-May-2024

दूल्हे ने पहले वोट डाला, इसके बाद बारारियों के साथ निकला दुल्हनिया लेने
सीहोर जिले में चौथे चरण में आज देवास लोकसभा में आने वाले आष्टा ब्लॉक में वोट डाले गए। मतदान को लेकर आष्टा के लोगों में अति उत्साह देखने को मिला। इसकी वानगी आष्टा ब्लॉक में आने वाले गांव मोलूखेड़ी में देखने को मिली। सोमवार को मोलूखेड़ी से शाजापुर के फतेहपुर में बारात जानी थी, लेकिन दूल्हे को वोट डालना याद रहा। दूल्हा सबसे पहले मतदान केन्द्र पर वोट डालने गया। इसके बाद बारातियों के साथ दुल्हनिया लेने रवाना हुआ। पूरा मामला ये है कि आष्टा के मोलूखेड़ी निवासी हेमंत मेवाड़ा की सोमवार सुबह शाजापुर के फतेहपुर में बारात जानी थी। बारात को लेकर सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन दूल्हे और बारातियों को सोमवार को लोकसभा के वोट डालना याद था। इसके चलते दूल्हा और बाराती सुबह से ही मतदान केन्द्र पहुंच गए और दूल्हे ने बारातियों संग मतदान रूपी यज्ञ में भाग लिया। दूल्हे हेमंत मेवाड़ा ने बताया कि समाजसेवी एमएस मेवाड़ा ने देश की तरक्की के लिए उनके सहित पूरे गांव के लोगों को अपने मत का उपयोग करने की शपथ दिलाई थी। इसके चलते पूरे गांव के लोगों ने अपने मत का उपयोग किया। 

आश्वासन के बाद भी नहीं बनी रोड, पूरे गांव ने किया मतदान का बहिष्कार
इधर आष्टा विधानसभा के मरदाखेड़ी में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। गांव के लोगों का कहना था कि विधानसभा चुनाव में भी ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया था, तब अधिकारियों और नेताओं नेआश्वासन दिया था, लेकिन फिर भी आज तक रोड़ नहीं बन सका। गांव के लोग अभी भी रोड के बिना काफी परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में 413 वोट हैं। रोड नहीं तो वोट नहीं की तर्ज पर गांव में किसी ने वोट नहीं दिया। 

उज्जैन में मुख्यमंत्री की विधानसभा में हुआ सबसे कम मतदान
उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र की बात की जाए तो पता चलेगा कि शाम 6 बजे तक हुए कुल 73.58% मतदान में घटिया विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक मतदान हुआ तो वही मुख्यमंत्री के विधानसभा उज्जैन दक्षिण में सबसे कम मतदान हुआ है। उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र में आठ विधानसभा आती है जिसमें उज्जैन उत्तर और दक्षिण को शहरी क्षेत्र माना जाता है। शाम 6 बजे तक उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 216 में 68.11% और उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्रमांक 217 मे 67.22% ही मतदान हुआ जबकि घटिया विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 215 में 77.68%, तराना विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 214 में 76.15%, महिदपुर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 213 में 76.24%, आलोट विधानसभा क्रमांक 223 में 75.97% और बड़नगर विधानसभा क्रमांक 218 में 75.59 व नागदा खाचरोद विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 212 में 73.78% प्रतिशत मतदान हुआ।

06:39 PM, 13-May-2024
ढाई फीट के मतदाता ने उज्जैन में किया मतदान - फोटो : अमर उजाला

ढाई फीट के रोहित ने निभाया कर्तव्य
उज्जैन निवासी 32 वर्षीय रोहित नागमोतिया की हाइट भले ही ढाई फीट की है, लेकिन हौंसले इससे कई गुना ज्यादा बड़े हैं, जहां रोहित ने परिवार के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया है। रोहित नागमोतिया ने विकलांगता के बावजूद अपने परिवार के साथ लोकतंत्र के महायज्ञ में अपनी वोट रूपी आहुति डाली, रोहित ने शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय कक्ष क्र.2 नलिया बाखल पहुंचकर मतदान किया है।

विज्ञापन
06:13 PM, 13-May-2024

मतदान का निशान बताकर महाकाल के भक्तों ने प्राप्त किया भोजन
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा 2004 से निशुल्क अन्नक्षेत्र का संचालन किया जाता है। मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन हेतु आने वाले भक्तों को निशुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष व कलेक्टर नीरज कुमार सिंह की मंशानुसार श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सभी मतदाताओं से मतदान का निशान बताकर भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई थी। मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक मृणाल मीना ने बताया कि,  निशुल्क अन्नक्षेत्र में मतदाताओ के  लिए निशुल्क भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई है | श्रद्धालु विजय कुमार वरचे मूल निवासी उज्जैन के है, अभी परिवार सहित पुणे में निवासरत हैं। श्री वरचे पुणे से वोट डालने के लिए उज्जैन आए उन्होंने सबसे पहले वोट डाला उसके बाद उन्होंने भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन करें और श्री महाकालेश्वर अन्नक्षेत्र  में भोजन प्रसादी ग्रहण की। मंदिर प्रबंध समिति की व्यवस्था से वह प्रसन्न थे वे सायं पुनः पुणे के लिए रवाना हो गए उनके परिवार के कुल 5 लोग आए थे।

05:58 PM, 13-May-2024
इंदौर में कांग्रेस ने मकान पर पथराव हो गया। कार के शीशे भी टूट गए। - फोटो : अमर उजाला

कांग्रेस नेता के मकान पर पथराव
इंदौर में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष विनोद यादव के मकान पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। वे भाजपा के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। विनोद का दिन में नंदा नगर बूथ पर विवाद हुआ था। शाम को उनके घर पर 15-20 लोग आए। उन्होंने पथराव कर दिया। बाहर खड़ी कार के शीशे फोड़ दिए। दरवाजे व खिड़की पर भी पथराव हुआ। यादव ने कहा कि भाजपा के गुंडों ने घर आकर मारपीट की।  

विज्ञापन
05:53 PM, 13-May-2024
उज्जैन में विवाद हो गया। - फोटो : सोशल मीडिया

बीएलओ से विवाद किया तो पार्षद को पहुंचाया मतदान केंद्र के बाहर
आज मतदान के दौरान वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद हेमंत गेहलोत ने पिपलीनाका क्षेत्र के मतदान केंद्र 12 में निर्वाचन कार्यालय द्वारा तैनात महिला बीएलओ के मतदान कक्ष के द्वार पर बैठने को लेकर आपत्ति ली और महिला बीएलओ से अभद्रता भी शुरू कर दी। पार्षद चाहते थे कि महिला बीएलओ मतदान केंद्र के बाहर बैठें। जबकि महिला बीएलओ का कहना था कि वे अपने निर्धारित स्थान पर ही बैठी हुई हैं। इस बात को लेकर बहस शुरू हो गई और पुलिकर्मियों के हस्तक्षेप के बाद भी जब पार्षद ने अनावश्यक शब्दों को उपयोग करते हुए बीएलओ को धमकाने का प्रयास किया तो मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने पार्षद को पहले समझाया ओर बाद में मतदान केंद्र से बाहर कर दिया। 

05:32 PM, 13-May-2024

मध्य प्रदेश में पांच बजे तक 68.01 प्रतिशत मतदान हो चुका है। मंदसौर लोकसभा सीट पर सबसे ज्यादा मतदान हुआ है। वहीं इंदौर में सबसे कम मतदान हुआ है। 

कहां कितने फीसदी मतदान?
देवास: 71.53
धार: 67.55
इंदौर: 56.53
खंडवा: 68.21
खरगोन: 70.80
मंदसौर: 71.76
रतलाम: 70.61
उज्जैन: 70.64

05:06 PM, 13-May-2024

दीदी,  मां माटी मानुष की नहीं बल्कि मनी, माफिया और मर्डर की सरकार चला रही है
शिवराज सिंह चौहान ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि  दीदी, मां माटी मानुष की नहीं बल्कि मनी, माफिया और मर्डर की सरकार चला रही है। बंगाल का पवित्र त्योहार है सिंदूर खेला, लेकिन ममता दीदी ने अपनी क्रूरता से बंगाल की महिलाओं का सिंदूर तक छीन लिया। टीएमसी के गुंडों के आतंक ने कई महिलाओं का सुहाग उजाड़ दिया है। महिलाओं को सशक्त करने हम लखपति दीदी बना रहे है, लेकिन ममता दीदी खुद घोटाला दीदी बन गई है। दीदी कहती थी करबो लड़बो जीतवो लेकिन सरकार में कर रही है काटबो, लड़ाबो और मारबो। पूर्व सीएम ने कहा कि बंगाल में दीदी ने गणतंत्र को गुंडातंत्र में बदल दिया है।  

04:59 PM, 13-May-2024

निकाह के बाद निभाया कर्तव्य
खंडवा में वोटिंग के लिए दूल्हा-दुल्हन निकाह के बाद सीधे पोलिंग बूथ पहुंचे। दूल्हे समीर आजाद ने बताया कि वो कुंडलेश्वर वार्ड के है। बारात लेकर राजस्थान के ब्यावर गए हुए थे। 13 मई को निकाह होना था लेकिन मतदान को लेकर एक दिन पहले ही 12 मई को ही निकाह करवाया गया। 

04:37 PM, 13-May-2024

87 साल की उषा पंडित निवासी न्यू बीजलपुर, इंदौर ने देवास जाकर मतदान किया। उनका मतदान केंद्र देवास में है। कुछ समय पहले वे इंदौर में रहने चली गई थीं। उनका नाम देवास में है। 

04:08 PM, 13-May-2024

खरगोन में एक घंटे तक मतदान प्रभावित
खरगोन लोकसभी सीट के एक इलाके में वीवीपैट मशीन खराब हो गई। इससे करीब एक घंटे तक मतदान प्रभावित हुआ है। खरगोन के शहरी क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस चौराहा स्थित बूथ क्रमांक 124 की वीवीपैट मशीन खराब हो गई थी। इसे बदलने में करीब एक घंटे का समय लग गया। इस दौरान वोटिंग प्रभावित हुई। 

03:55 PM, 13-May-2024

कमलनाथ ने साधा निशाना
मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के अंतिम चरण की वोटिंग आज की जा रही है। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि आज लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के मतदान में भारत की जनता को अपने भविष्य और सच्चाई के लिए वोड डालना है। पूर्व सीएम कमलनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर ट्वीट कर लिखा कि भाजपा सरकार की सबसे बड़ी विशेषता है किसानों को दाम नहीं, नौजवानों को काम नहीं, महिलाओं को मान नहीं और दलित-आदिवासियों को सम्मान नहीं। सर्व समाज के इस अपमान को रोकने के लिए देश में सत्ता परिवर्तन करना जरूरी है। आज चौथे चरण के मतदान में भारत की जनता को अपने भविष्य और सच्चाई के लिए वोट डालना है। 

03:32 PM, 13-May-2024

खरगोन में सबसे अधिक मतदान 
मध्य प्रदेश में दोपहर 3 बजे तक 59.63 फीसदी मतदान हुआ है। खरगोन में सबसे अधिक 63.84 फीसदी वोटिंग हुई है तो इंदौर में सबसे कम 48.04 फीसदी वोट पड़े हैं। 

कहां कितने फीसदी मतदान?
देवास: 63.08
धार: 60.18
इंदौर: 48.04
खंडवा: 59.87
खरगोन: 63.84
मंदसौर: 61.58
रतलाम: 62.78
उज्जैन: 60.83
 

03:12 PM, 13-May-2024

ग्रामीण क्षेत्रों में जमकर हो रहा मतदान
उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र में दोपहर एक बजे तक 49.71 फीसदी मतदान हुआ है। यहां शहरी क्षेत्र की बजाय ग्रामीण क्षेत्र के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग उत्साहित से कर रहे हैं। उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र में आठ विधानसभा आती हैं, जिसमें उज्जैन उत्तर और दक्षिण को शहरी क्षेत्र माना जाता है। दोपहर 1 तक उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 216 में 42.96% और उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्रमांक 217 में 44.26% ही मतदान हुआ। वहीं, घटिया विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 215 में 54.05%, तराना विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 214 में 53.25%, महिदपुर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 213 में 52.49%, आलोट विधानसभा क्रमांक 223 में 52.05%, बड़नगर विधानसभा क्रमांक 218 में 51.52 और नागदा खाचरोद विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 212 में 49.19% प्रतिशत मतदान हुआ है।

03:08 PM, 13-May-2024

बैलगाड़ी से पहुंचकर किया मतदान
बुरहानपुर की नेपानगर विधानसभा अंतर्गत ग्राम सुक्ताखुर्द मतदान केंद्र क्रमांक-35 में कुछ मतदाता बैलगाड़ी से मतदान करने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने अपनी पसंद का सांसद चुनने के लिए मतदान किया। 

02:41 PM, 13-May-2024

स्व-सहायता समूह की सदस्यों ने किया मतदान
इंदौर जिले में देपालपुर विधानसभा के बेटमाखुर्द मतदान केंद्र में स्व-सहायता समूह की सदस्यों ने उत्साह के साथ लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

02:03 PM, 13-May-2024

ग्राम गुराड़िया गुर्जर में मतदान का बहिष्कार
उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र में स्थित घटिया विधानसभा क्षेत्र के गांव गुराड़िया गुर्जर में ग्रामीणों ने अपनी 3 मांगों को लेकर मतदान का बहिष्कार कर दिया। ग्रामीणों का कहा कि हम काफी समय से कुछ मांगों को लेकर परेशान हैं। लेकिन, हमें हमेशा सिर्फ आश्वासन दिए जाते हैं, हमारी मांगों को पूरा नहीं किया जाता। ग्राम गुराड़िया गुर्जर में दोपहर एक बजे तक सिर्फ 12 वोट डाले गए हैं, जिसमें से 10 शासकीय कर्मचारियों के हैं और 2 वोट भाजपा नेताओं ने डालें हैं।

02:01 PM, 13-May-2024

पैर से मतदान कर निभाया कर्तव्य 
उज्जैन में मतदान के दौरान एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई। घास मंडी चौराहा में बने बूथ पर दिव्यांग रमेशचंद्र पिता देवीराम शर्मा (जिनके दोनों हाथ नहीं है। ने पैर से मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

01:38 PM, 13-May-2024

देवास में सबसे अधिक मतदान 
मध्य प्रदेश में दोपहर 1 बजे तक 48.52 फीसदी मतदान हुआ है। देवास में सबसे अधिक 52.11 फीसदी वोटिंग हुई है तो इंदौर में सबसे कम 38.60 फीसदी वोट पड़े हैं। 

कहां कितने फीसदी मतदान?

  • देवास: 52.11 
  • धार: 49.39
  • इंदौर: 38.60
  • खंडवा: 48.15
  • खरगोन: 51.48
  • मंदसौर: 50.39
  • रतलाम: 51.13
  • उज्जैन: 49.71

01:25 PM, 13-May-2024

युवतियों ने पहली बार किया मतदान
खरगोन जिले के बड़वानी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ठान स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 230 पर पहली बार मतदान करने युवतियां पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचीं और उत्साहपूर्वक वोट डाला।

01:01 PM, 13-May-2024

पारंपरिक वेशभूषा में मतदान 
खरगोन संसदीय क्षेत्र की बड़वानी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुड़ी स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 32 पर पारंपरिक वेशभूषा में युवतियों ने पहली बार उत्साहपूर्वक मतदान किया।

12:43 PM, 13-May-2024

इन विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक मतदान 
मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने मतदान को लेकर भोपाल में प्रेसवार्ता की। जिसमें उन्होंने बताया कि 11 बजे तक की स्थिति में सर्वाधिक मतदान वाली प्रथम तीन विधानसभाओं में रतलाम जिले की सैलाना में 40.13%, रतलाम ग्रामीण में 39.37% और उज्जैन के तराना में 39.04% मतदान हुआ है। वहीं, देवास 35.83%, उज्जैन 34.25%, मंदसौर 34.12%, रतलाम 34.04%,  धार 32.62%,  इंदौर 25.01%, खरगोन 33.52% और खंडवा में अब तक 31.87% मतदान हुआ है। 
 

12:37 PM, 13-May-2024

मुंबई से आकर सावित्री ने किया मतदान, लोगों से भी की अपील
लोकतंत्र के महायज्ञ में मतदान करने मुंबई में रहने वाली सावित्री तिरोले खंडवा संसदीय क्षेत्र के भामगढ़ पहुंची और फिर मतदान  किया। भाजपा प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि मतदान करना हम सब का अधिकार है। लोकतंत्र के त्योहार में विदेशों और देश के कोने कोने में रहने वाले मतदाता भी अपने-अपने ग्रह क्षेत्रों में पहुंचकर मतदान कर रहे हैं। मुंबई की सावित्री तिरोले ने भामगढ़ पहुंचकर मतदान किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी मतदाताओं से कहा मतदान करने की अपील की। 

12:21 PM, 13-May-2024

फर्ज से पहले किया मतदान 
खंडवा लोकसभा क्षेत्र की मांधाता विधानसभा में मतदान केंद्र क्र. 23 पर वार्ड क्र. 1 एवं 2 के सफाई कर्मचारियों ने काम पर निकलने से पहले परिवार सहित मतदान का फर्ज निभाया।

12:10 PM, 13-May-2024

वोट डालने विदेश से आए,  विधायक गौड़ ने दिया प्रशस्वी पत्र
लोकमान्य नगर निवासी प्रथमेश जोशी न्यूजीलैंड से इंदौर अपना वोट डालने आए। इस दौरान विधायक मालिनी गौड़ ने उन्हें प्रशस्वी पत्र देकर सम्मानित किया। इसी प्रकार देश के विभिन्न राज्यों में रह रहे रिचा कुलकर्णी, पार्थ कुलकर्णी, सौरभ पुराणिक और अन्य भी इंदौर मतदान करने आए हैं। विधानसभा क्षेत्र 4 के बूथ 183 की पर बाहर से मतदान करने आए ऐसे सभी मतदाताओं को विधायक मालिनी गौड़ ने सम्मान कर प्रशस्वी पत्र दिए। 


12:08 PM, 13-May-2024

MP Lok Sabha Election 4th Phase Voting: विजयवर्गीय ने परिवार संग किया मतदान
मोहन यादव सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में परिवार के साथ मतदान किया। वे अपनी पत्नी और बेटे-बहू के साथ वोट डालने मतदान केंद्र पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं के साथ तस्वीर भी खिचाई।


11:38 AM, 13-May-2024

MP Lok Sabha Chunav 4th Charan Voting: देवास में सबसे अधिक मतदान 
मध्य प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर सुबह 11 बजे तक 32.38 फीसदी मतदान हुआ है। देवास में सबसे अधिक 35.83 फीसदी वोटिंग हुई है तो इंदौर में सबसे कम 25.01 फीसदी वोट पड़े हैं। 

कहां कितने फीसदी मतदान?
  • देवास: 35.83
  • धार: 32.62
  • इंदौर: 25.01
  • खंडवा: 31.87
  • खरगोन: 33.52
  • मंदसौर: 34.12
  • रतलाम: 34.04
  • उज्जैन: 34.25

11:18 AM, 13-May-2024

MP Lok Sabha Election 4th Phase Voting: पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने मतदान किया। इस दौरान वे संविधान की कॉपी लेकर पोलिंग बूथ पहुंचे थे। 

11:18 AM, 13-May-2024

झाबुआ में वोट का उत्साह : जनपद पंचायत रामा में वोटिंग के लिए मतदान केंद्र पहुंची दुल्हन


 

11:17 AM, 13-May-2024

MP Lok Sabha Election 4th Phase Voting: इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह और निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने मतदान किया



 

11:16 AM, 13-May-2024

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास और कलेक्टर डॉ. अभय अरविंद बेडेकरने  अलीराजपुर के कन्या परिसर और सरप्रताप मतदान केंद्रों का भ्रमण किया।  

11:16 AM, 13-May-2024

पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन 'ताई' ने मतदान किया। 

10:54 AM, 13-May-2024

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नरेन्द्र सिंह सलूजा ने राऊ विधानसभा के, वार्ड क्रमांक 77 के क्वींस कॉलेज बूथ क्रमांक 215 पर सपरिवार मतदान किया। 

10:53 AM, 13-May-2024

आईजी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ओएसडी राजेश हिंगणकर ने सपरिवार इंदौर में मतदान किया।

10:41 AM, 13-May-2024

भाजपा प्रत्याशी नागर ने किया मतदान
रतलाम संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनीता नागर सिंह चौहान ने अपने ग्रह ग्राम डोबलाझीरी में मतदान किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। 

10:37 AM, 13-May-2024

बुजुर्ग ने किया मतदान 
उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र की नीमच सिटी के मतदान केंद्र क्रमांक-42 पर बुजुर्ग मतदाता जगन्नाथ प्रजापति ने व्हीलचेयर से मतदान केंद्र पहुंच कर अपने मताधिकार का उपयोग किया।

10:34 AM, 13-May-2024

यहां कांग्रेस की टेबल भी नहीं लगी 
उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र के खाचरोद के वार्ड 18 14 15 के पोलिंग बूथ में कांग्रेस की टेबल तक ही नहीं लगी। यहां सिर्फ भाजपा की ओर से टेबल लगाई गई है। 

10:30 AM, 13-May-2024

खंडवा से भाजपा प्रत्याशी ने किया नामंकन
खंडवा लोकसभा क्षेत्र से मौजूदा सांसद और भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल ने परिवार संग किया मतदान। पाटिल ने बुरहानपुर नगर के रास्तीपुरा वार्ड स्थित बूथ क्रमांक 206 पर पहुंचकर वोट दिया। मतदान के बाद पाटिल ने मीडिया से कहा कि अभी तक मध्य प्रदेश का जो मतदान प्रतिशत है, उससे अच्छा खंडवा के मतदाता करेंगे, यहां मतदान प्रतिशत अधिक रहेगा। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मेहनत की है, वे लगे हुए हैं कि एक-एक मतदाता मतदा करे और राष्ट्र के निर्माण में अपनी आहुति दे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी न्याय नहीं किया है। कांग्रेस ने हमेशा अन्याय किया है, इसलिए मोदी जी की गारंटी काम करेगी। मैं अपनी जीत को लेकर 100% आश्वस्त हूं। 

10:25 AM, 13-May-2024

पारंपरिक परिधान में मतदान
लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र खरगोन अंतर्गत बड़वानी जिले में आंवली के मतदान केंद्र क्रमांक-56 में युवतियों ने पारंपरिक परिधान में पहली बार अपने मताधिकार का उपयोग किया।

10:18 AM, 13-May-2024

उज्जैन: महिला पीठासीन अधिकारी को हटाया
उज्जैन के वार्ड- 37 के मतदान केंद्र में पीठासीन अधिकारी आरती को कलेक्टर ने हटा दिया है। आरोप है कि वे वोटर्स को भाजपा को वोट देने का कह रही थीं। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार उनके खिलाफ धरने पर बैठ गए। इसके बाद कलेक्टर ने एक्शन लिया।

10:15 AM, 13-May-2024

कांग्रेस प्रत्याशी ने किया मतदान
रतलाम सी से कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया ने अपने परिवार के साथ किया मतदान।

10:12 AM, 13-May-2024

भाजपा प्रत्याशी फिरोजिया ने किया मतदान 
उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया ने मतदान क्रमांक 100 कैम्ब्रिज स्कूल सेठी नगर परअपनी माँ, पत्नी और बेटियों के साथ किया मतदान।

10:05 AM, 13-May-2024

मतदान के बाद किया पोधरोपण 
धार के ग्राम एकलदुना में बनाए गए आदर्श मतदान केंद्र पर मतदाताओं द्वारा मतदान करने के बाद पौधरोपण किया गया। यहां प्रथम मतदान करने वाले मतदाता का पुष्पमाला से स्वागत भी किया गया। 

09:48 AM, 13-May-2024

कर्मचारी की हार्ट अटैक से मौत
धार जिले में चुनावी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। विकाश खंड तिरला के बीओ सुमन वासने को देर रात घर पर साइलेंट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। वे गंधवानी तहसील में शनिवार को मतदान सामग्री वितरित कर तिरला पहुंचे थे। आज सुबह भी उन्हें चुनावी ड्यूटी पर जाना था, लेकिन रात करीब 1 बजे उनकी मौत हो गई।  

09:44 AM, 13-May-2024

'यह सिर्फ कमल का फूल है, पंजे वाले क्या हाथ काटकर अंदर जा रहे हैं'      
खंडवा संसदीय क्षेत्र के सनावद में बूथ क्रमांक 180 पर एक महिला कमल के फूल की प्रिंट वाली साड़ी पहनकर मतदान करने पहुंची। इस पर कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र पटेल ने आपत्ति ली। इसे लेकर महिला ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह सिर्फ कमल का फूल का है। इस पर कांग्रेस के लोगों ने कहा कि यह एक राजनीतिक पार्टी का चिन्ह हैं। इसके बाद महिला ने कहा कि आप मुझे बताइए कि हाथ के पंजे वाले हाथ काटकर अंदर जा रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी इसे लेकर निर्वाचन आयोग से लिखित शिकायत करने की तैयारी कर रहे हैं। 

09:39 AM, 13-May-2024

उज्जैन में सबसे अधिक मतदान 
मध्य प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर 14.97 फीसदी मतदान हुआ है। उज्जैन में सबसे अधिक 16.80 फीसदी वोटिंग हुई है तो वहीं, इंदौर में सबसे कम 11.48 फीसदी वोट पड़े हैं। 

कहां कितने फीसदी मतदान?
  • देवास: 16.79
  • धार: 15.61
  • इंदौर: 11.48
  • खंडवा: 14.68
  • खरगोन: 15.35
  • मंदसौर: 16.61
  • रतलाम:13.73
  • उज्जैन: 16.80

09:30 AM, 13-May-2024

पोहा और आइसक्रीम के लिए लगी लाइनें
इंदौर शहर की प्रसिद्ध 56 दुकानों पर शुरुआती मतदाताओं को मुफ्त नाश्ता (पोहा) और आइसक्रीम वितरित की जा रही है। इससे यहां सुबह से लोगों की लंबी लाइनें लगी हैं। लोग मतदान के बाद सीधे नाश्ता करने पहुंच रहे हैं। 


 

09:18 AM, 13-May-2024

मतदान की धीमी गति बनी परेशानी
इंदौर में भाजपा प्रत्याशी के सामने कांग्रेस का प्रत्याशी नहीं है। बिना विपक्ष के हो रहे इस चुनाव में मतदान के लिए लंबी कतारें लगी हैं। लेकिन, लोग मतदान की धीमी गति से परेशान। तस्वीर वंदना नगर के एक पोलिंग बूथ की है। 

09:15 AM, 13-May-2024

परिवार के साथ सीएम यादव 
मतदान करने के पहले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने परिवार के साथ तस्वीरें खिंचाई। इस दौरान उन्होंने अपने पिता  पूनमचंद यादव से भी आशीर्वाद लिया। 


09:02 AM, 13-May-2024

खंडवा कांग्रेस प्रत्याशी ने किया मतदान 
खंडवा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र पटेल ने सनावद स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद बूथ क्रमांक 178 श्री रेवा गुर्जर बाल निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सनावद में अपनी पत्नी अलका पटेल के साथ मतदान किया। 

08:51 AM, 13-May-2024

सीएम यादव ने किया मतदान 
सीएम मोहन यादव ने उज्जैन के बूथ क्रमांक 60 पर अपनी पत्नी के साथ मतदान किया। इससे पहले उन्होंने हनुमान जी मंदिर में पूजा अर्चना कर गदा भेंट की। भगवान का आशीर्वाद लेने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव परिवार समेत मतदान करने पहुंचे। इधर, सीएम यादव मतदान करने पहुंचे तो मुख्यमंत्री के आगे आगे चल रहे चुनावी ड्यूटी में लगे दो पुलिस जवान आंद्रेयास कटारा और नलिन बुधोलिया नाली में गिरने के कारण घायल हो गए। 

08:34 AM, 13-May-2024

मतदान केंद्र के बाहर धरने पर बैठे कांग्रेस प्रत्याशी  
उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 35 पर एक महिला पीठासीन अधिकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर वोट मांग रही थी। जिसकी जानकारी लगते ही कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार मतदान केंद्र पर पहुंचे और उन्होंने अधिकारियों से बात कर शिकायत की। उन्होंने अधिकारी को पीठासीन अधिकारी का वीडियो दिखाया। लेकिन, अधिकारियों ने उनकी बात नहीं मानी तो कांग्रेस प्रत्याशी परमार धरने पर बैठ गए। हालांकि, बाद में पीठासीन अधिकारी ने अपने इस कार्य पर माफी भी मांगी।

08:23 AM, 13-May-2024

कांग्रेस प्रत्याशी परमार ने किया मतदान 
उज्जैन-आलोट सीट से कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार ने मतदान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मैंने मतदान किया है। लोगों से अपील करता हूं कि आप सभी लोग अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें।  

08:13 AM, 13-May-2024

सुबह से लगी लाइनें
इंदौर में कई मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां अभी तक टेबल नहीं लगी हैं। वहीं, कुछ मतदान केंद्रों पर सुबह से लाइन लग गई है। जहां लोग मतदान कर रहे हैं। 


07:52 AM, 13-May-2024

ईवीएम में खराबी आई, भाजपा नेता हुए नाराज
रतलाम में ईवीएम मशीन में खराबी आने की जानकारी सामने आई है। मशीन खराब होने पर भाजपा नेता द्वारा नाराजगी जताई गई है। अधिकारी समस्या के समाधान में लगे हैं। 

07:51 AM, 13-May-2024

वोट से पहले महाकाल को प्रणाम
उज्जैन सीट से कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार मतदान से पहले  बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे। उन्होंने बाबा को दंडवत प्रणाम कर नंदी हॉल में बैठकर पूजा अर्चना की। 

07:45 AM, 13-May-2024

एक्सरसाइज से पहले मतदान 
इंदौर में मॉर्निंग वॉकर्स साइकलिंग और जॉगिंग ग्रुप ने सबसे पहले मतदान किया और फिर एक्सरसाइज के लिए रवाना हो गए। बतया जा रहा है कि यहां छह बजे से ही मतदान शुरू हो गया था। 

07:19 AM, 13-May-2024

वोट जरूर डालें
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपन राजन ने एक वीडियो जारी कर लोगों से मतदान करने की अपील की है। उन्होंने वीडियो साझा कर कहा कि आज प्रदेश के 8 संसदीय क्षेत्रों के लिए मतदान हो रहा है, आप सभी से अनुरोध है कि मतदान केंद्र पर वोटर पर्ची के साथ कोई भी पहचान पत्र लेकर जाएं और वोट जरूर डालें। मतदाता सूची में आपका नाम होना जरूरी है। 
 

07:15 AM, 13-May-2024

पोलिंग बूथों के बाहर लगी लाइनें
रतलाम और खंडवा में मतदान शुरू होने से पहले ही वोटरों की लाइन लग गई हैं। सुबह छह बजे से ही लोग मतदान करने के लिए घरों से बाहर निकलकर पोलिंग बूथ पहुंचे और जल्द मतदान करने के लिए लाइन में गए। 




खंडवा के 90 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता धनपाल जैन सुबह से ही मतदान केंद्र पहुंच गए। उनकी जिद थी कि वे सबसे पहले मतदान करेंगे। यह वाक्या खंडवा के बूथ क्रमांक 165 का है। 
 

07:10 AM, 13-May-2024

आठ सीटों पर 74 प्रत्याशी 
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण की आठ सीटों पर 74 प्रत्याशी चुनावी मैदान हैं। इनमें 69 पुरुष और 5 महिलाएं हैं। सबसे ज्यादा 14 उम्मीदवार इंदौर में और सबसे कम पांच खरगोन में हैं। लेकिन, इंदौर में कांग्रेस का कोई प्रत्याशी नहीं है। इन आठ सीटों पर एक करोड़ 63 लाख 70 हजार 654 मतदाता मतदान करेंगे।  

07:02 AM, 13-May-2024

MP Lok Sabha Phase 4 Election Live: छह बजे तक 71.72% मतदान, सैलाना विधानसभा में सबसे अधिक तो इंदौर-3 में कम

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में आज मध्य प्रदेश की आठ सीटों पर मतदान होगा। सुबह सात बजे से सभी पोलिंग बूथ पर मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। इससे पहले सुबह छह बजे मॉक पोल शुरू किया गया। सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा।  

इन आठ सीटों पर मतदान 
आज सोमवार को लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में इंदौर, उज्जैन, देवास, खरगोन, रतलाम, मंदसौर, खंडवा और धार सीट पर मतदान है। इनमें से ज्यादातर जिलों में मौसम भी खराब है। धार के मनावर में आंधी और बारिश के कारण एक बूथ का टेंट गिर गया। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें