फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP: जीतू पटवारी का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- सत्ता में इंजन-डिब्बे की लड़ाई, जनता भुगत रही खींचतान का खामियाजा

Thu, 20 Aug 2026 05:25 PM IST
दिनेश शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर अंदरूनी खींचतान, शिक्षा व्यवस्था, महंगाई, शराब और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा की स्थिति को इंजन-डिब्बे की लड़ाई बताया। पटवारी ने स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए अभियान और साइकिल यात्रा की चेतावनी देते हुए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की।
विज्ञापन
जीतू पटवारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा नेताओं के बीच कथित खींचतान को लेकर कहा कि भाजपा में अंदरूनी संघर्ष चल रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की स्थिति ऐसी ट्रेन जैसी हो गई है, जिसमें डिब्बे कहते हैं कि इंजन हटा दो और इंजन कहता है कि डिब्बे बदल दूंगा। इस खींचतान में भाजपा के नेता ही नहीं, प्रदेश की जनता भी परेशान है।
विज्ञापन


पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा के कई बड़े नेता मुख्यमंत्री के खिलाफ शिकायत लेकर दिल्ली पहुंच रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री लगातार मंत्रिमंडल में बदलाव की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता के भीतर चल रही यह खींचतान सरकार के कामकाज पर भी असर डाल रही है।

दतिया के बाद भोपाल के सरकारी आवास पर भी सवाल
दतिया में पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों के सरकारी आवास खाली कराने के मामले पर पटवारी ने कहा कि यदि सरकार नरोत्तम मिश्रा से इतनी ही नाराज है तो भोपाल में उनके सरकारी आवास को लेकर भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि दतिया में कार्रवाई की जा रही है तो भोपाल स्थित सरकारी आवास खाली क्यों नहीं कराया जा रहा।
विज्ञापन


स्कूलों की स्थिति पर कांग्रेस का आठ दिन का अभियान
पटवारी ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार को आठ दिन का समय दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में छात्रों की गूंज अभियान चलाएगी। कांग्रेस के विधायक से लेकर पंचायत स्तर के पदाधिकारी तक स्कूलों में जाकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने लाकर उसे सार्वजनिक किया जाएगा और मुख्यमंत्री तथा शिक्षा मंत्री तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा में सुधार के लिए सरकार ठोस कदम उठाती है तो कांग्रेस सहयोग करेगी। प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर श्वेत पत्र जारी कर राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर स्वतंत्र संवाद होना चाहिए।

ये भी पढ़ें- भोपाल के छह लेन बायपास से हजारों पेड़ों पर संकट, 36 किमी सड़क निर्माण में सबसे ज्यादा कोलार में कटाई

सवाल उठाने वालों पर कार्रवाई का आरोप
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस जब सरकार से सवाल करती है तो जवाब देने के बजाय कार्रवाई और प्रहार किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में सवाल पूछने वालों पर कार्रवाई करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और युवाओं का भविष्य किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का मुद्दा है।

शिक्षा सुधार नहीं हुआ तो प्रदेशभर में साइकिल यात्रा
पटवारी ने कहा कि यदि सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कांग्रेस की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो पार्टी प्रदेशभर में जन जागरूकता अभियान चलाएगी। संभाग स्तर पर साइकिल यात्राएं आयोजित की जाएंगी। कांग्रेस का प्रयास सरकार पर दबाव बनाकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार कराने का रहेगा।

मंदिरों के चढ़ावे के मुद्दे पर भी अभियान
मंदिरों में चढ़ावे की चोरी के आरोपों को लेकर पटवारी ने कहा कि कांग्रेस जल्द अलग कार्यक्रम जारी करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने लोगों की धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ किया है। इस मुद्दे पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी निशाना साधा।

महंगाई पर सरकार को घेरा, शक्कर-तेल के बढ़ते दाम गिनाए
पटवारी ने महंगाई को देश की बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि शक्कर के दाम में एक साथ 16 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने खाद्य तेलों के दाम बढ़ने का भी आरोप लगाया। उनके मुताबिक सूरजमुखी, पाम, सोयाबीन, सरसों और मूंगफली तेल के दामों में 15 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि दलहन के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं और इसका सीधा असर आम आदमी की रसोई पर पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें- वंदे मातरम् पर कांग्रेस को विश्वास सारंग ने घेरा, बोले- देश की एकता-अखंडता पर प्रहार

सांची दूध के दाम बढ़ने पर भी निशाना
पटवारी ने सांची और अमूल को लेकर भी सरकार से सवाल किए। उन्होंने कहा कि सांची को राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड को सौंपे जाने के बाद दूध के दाम बढ़ाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई का बोझ लगातार आम लोगों पर डाला जा रहा है।
विज्ञापन


शराब के मुद्दे पर प्रदेशभर में बड़ा अभियान
मैहर में मुख्यमंत्री के शराबबंदी से जुड़े बयान का हवाला देते हुए पटवारी ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक ओर धार्मिक नगरी से शराब बंद करने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर घर तक शराब पहुंचने की व्यवस्था होने का आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शराब के मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में बड़ा अभियान चलाएगी।

महिलाओं पर भाजपा नेताओं के बयानों को लेकर हमला
भाजपा नेता पन्ना लाल शाक्य समेत अन्य नेताओं के महिलाओं से जुड़े बयानों पर भी पटवारी ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में राष्ट्रीय स्तर से लेकर स्थानीय स्तर तक महिलाओं के सम्मान को लेकर एक जैसी सोच दिखाई देती है। कांग्रेस इस मुद्दे को भी जनता के बीच ले जाएगी। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस का अभियान केवल सरकार की आलोचना तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी जनहित के मुद्दों को उठाने के साथ शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में सुधार के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करने को भी तैयार है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें