फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमपी: 11 अक्टूबर से धीरेंद्र शास्त्री की 500 किमी रथ यात्रा, पांच जिलों से गुजरेगी; संत-महंत भी होंगे शामिल

Wed, 07 Oct 2026 08:57 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छतरपुर/ग्वालियर

सार

पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा 3.0 11 अक्टूबर से गढ़ा से शुरू होगी। करीब 500 किलोमीटर लंबी यात्रा पांच जिलों से होकर 15 अक्टूबर को छतरपुर पहुंचेगी। यात्रा में धार्मिक आयोजन और संत-श्रद्धालुओं की सहभागिता होगी।

विज्ञापन
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छतरपुर जिले के गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर और कथावाचक पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा 3.0 का मार्ग तय हो गया है। करीब 500 किलोमीटर लंबी यह रथ यात्रा 11 अक्टूबर को गढ़ा से शुरू होगी और पांच दिन बाद 15 अक्टूबर को छतरपुर में समाप्त होगी। यात्रा पांच जिलों से होकर गुजरेगी। इसका उद्देश्य सनातन धर्म, संस्कृति और हिंदू एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

यात्रा मार्ग और पड़ाव तय

विज्ञापन

आयोजकों ने यात्रा के मार्ग और पड़ावों की योजना तैयार कर ली है। यात्रा गढ़ा से शुरू होकर अजयगढ़, पन्ना, अमानगंज, पवई, सागर, दमोह, हटा और टीकमगढ़ से होकर गुजरेगी और अंत में छतरपुर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और कार्यक्रमों के आयोजन के लिए लगभग हर 20 किलोमीटर पर पड़ाव निर्धारित किए गए हैं।

जिन स्थानों पर रात्रि विश्राम होगा, वहां विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इनमें सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, हवन और उपस्थित लोगों को हिंदू राष्ट्र की शपथ दिलाने के कार्यक्रम शामिल हैं। यात्रा के दौरान होने वाली सभाओं में राष्ट्रगान, हनुमान चालीसा पाठ और सात वचनों की शपथ भी दिलाई जाएगी।

संत-महंत और श्रद्धालु होंगे शामिल
पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने यात्रा के मार्ग और तैयारियों की जानकारी साझा करते हुए देशभर के सनातनियों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने बुंदेली भाषा में हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा जिन क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, वहां आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर धार्मिक आयोजनों में सहभागिता करें। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए बसों की व्यवस्था भी की जाएगी। यात्रा में विभिन्न संत-महंत, बागेश्वर धाम के शिष्य और अलग-अलग सुंदरकांड मंडलों के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

विज्ञापन


पढे़ं: अभिनेता राजपाल यादव की फिर बढ़ी मुश्किलें: सुप्रीम कोर्ट के बाद अब महू कोर्ट में पेशी, जानें क्या है मामला?

पीले चावल देकर घर-घर निमंत्रण
यात्रा की तैयारियों के तहत बागेश्वर धाम के शिष्य, श्रद्धालु और सुंदरकांड मंडलों के सदस्य गांवों और शहरों में जनसंपर्क कर रहे हैं। इस अभियान के तहत घर-घर जाकर पारंपरिक तरीके से पीले चावल भेंट किए जा रहे हैं और लोगों को यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है। पं. धीरेंद्र शास्त्री के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सनातन धर्म और संस्कृति का संदेश पहुंचाना तथा हिंदू एकता को मजबूत करना है।

पहले भी निकल चुकी हैं यात्राएं
यह पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीसरी बड़ी धार्मिक यात्रा होगी। इससे पहले नवंबर 2024 में बागेश्वर धाम से ओरछा तक करीब 160 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली गई थी। इस यात्रा के दौरान 'जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई' का संदेश दिया गया था।

इसके बाद नवंबर 2025 में दिल्ली से मथुरा-वृंदावन तक करीब 170 किलोमीटर लंबी सनातन हिंदू एकता यात्रा 2.0 निकाली गई थी। इसमें यमुना नदी की स्वच्छता, ब्रजधाम की रक्षा, सामाजिक समरसता, हिंदू राष्ट्र, लव जिहाद के विरोध और गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने जैसे मुद्दे उठाए गए थे। अब तीसरे चरण में 500 किलोमीटर लंबी रथ यात्रा के जरिए बुंदेलखंड के विभिन्न जिलों में सनातन संस्कृति और हिंदू एकता का संदेश पहुंचाने की तैयारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें