पुलिस हत्या के आरोपियों को साथ ले जाते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
कटनी पुलिस ने अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक रमाकांत पटेल की हत्या की साजिश उसकी ही पत्नी ने रची थी। इसे उसने अपने प्रेमी और मुंहबोले भाई के साथ मिलकर अंजाम दिया था।
विजयराघवगढ़ थानांतर्गत ग्राम बंजारी के पास 16 जनवरी की शाम एक अज्ञात शव वन परिक्षेत्र से लगी मेड़ के पास मिला था। इसकी जानकारी लगते ही टीआई अनूप सिंह अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। मृतक के शरीर पर चोट के निशान देखते हुए हत्या के पहलू से जांच शुरू कर की दी गई थी। एसपी अभिजीत कुमार रंजन ने बताया कि हत्या की सूचना मिलने पर मौके पर एफएसएल की टीम और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट सहित डॉग स्क्वॉड को भेजकर मामले की जांच करवाई गई। मृतक की फोटो दिखाकर उसकी शिनाख्ती के लिए आस-पास के क्षेत्रों में भेजा गया था। पता चला कि मृतक का नाम रमाकांत पटेल, 23 वर्ष, है जो धनवाही ग्राम बदेरा का रहने वाला है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि लंबे वक्त से मायके में रह रही पत्नी को लेने बेटा 15 जनवरी को ससुराल के लिए निकला था। इस पर पुलिस ने मृतक के ससुराल पहुंचकर पूछताछ शुरू की। इसमें पता चला कि पत्नी राखी पटेल की अपने पति रमाकांत पटेल से नहीं बनती थी। इसके पीछे वजह यह थी कि राखी अपने प्रेमी विनय यादव से बातचीत किया करती थी। पुलिस ने महिला के प्रेमी विनय यादव को हिरासत में लिया। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने अपनी प्रेमिका राखी पटेल और उसके मुंहबोले भाई राजकुमार पटेल के साथ मिलकर हत्या की घटना को अंजाम दिया है। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने किया। उन्होंने बताया कि अंधे हत्याकांड के मामले पर तीन आरोपी पकड़े हैं। मृतक की पत्नी राखी पटेल खुद साजिशकर्ता है। आरोपी ने अपने भाई राजकुमार पटेल और प्रेमी विनय यादव के साथ मिलकर हत्या की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
कटनी से नारायण गुप्ता की रिपोर्ट