मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। 24 घंटे में 9305 पॉजिटिव मिले हैं। प्रदेश में टेस्टिंग बढ़ने के साथ ही कोरोना मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो गया है। वहीं, एक दिन में 9 मौतों ने डरा दिया है। प्रदेश में सबसे ज्यादा भोपाल में 1936 संक्रमित मिले है। राहत की बात यह है कि एक दिन में 12041 मरीज ठीक हुए हैं। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 63 हजार के पार पहुंच गई है।
प्रदेश में शनिवार को 80930 लोगों की कोरोना जांच की गई। इसमें 9305 लोग संक्रमसित मिले हैं। इससे पहले शुक्रवार को 73873 मरीजों की जांच में 8678, गुरुवार को 71313 सैंपल की जांच में 7763 पॉजिटिव मिले थे। यानी प्रदेश में टेस्टिंग बढ़ी तो संक्रमितों का आकड़ा भी बढ़ गया। प्रदेश में अब तक 9 लाख 59 हजार 439 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 8 लाख 85 हजार 526 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना के कारण अब तक 10 हजार 616 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, अस्पतालों में 1083 मरीज भर्ती है। इसमें से 192 ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं।
प्रदेश में पिछले 29 दिन में 83 मौते
कोरोना संक्रमण से मरीज जल्दी ठीक हो रहे हैं, लेकिन मौतों की संख्या फिर डरा रही है। प्रदेश में जनवरी माह के 29 दिनों में 83 लोग जान गंवा चुके हैं। शनिवार को एक दिन में 9 मौतें रिपोर्ट हुईं। इसमें इंदौर में 6, रायसेन, रतलाम और उज्जैन में 1-1 मौत हुई है। हालांकि मृतकों में अधिकतर लोग दूसरी बीमारियों से पीड़ित थे।
यहां 100 से ज्यादा नए केस
शनिवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा भोपाल में 1936 नए संक्रमित मिले हैं। इसके बाद इंदौर में 1784, बालाघाट में 178, बैतूल में 181, छत्तरपुर में 110, दतिया में 115, धार में 173, ग्वालियर में 228, होशंगाबाद में 199, जबलपुर में 662, कटनी में 159, खंडवा में 109, खरगौन में 154, रायसेन में 160, रतलाम में 120, रीवा में 151, सागर में 115, सीहोर में 300, सिवनी में 131, सीधी में 102, उज्जैन में 164, विदिशा में 253 समेत अन्य जिलों में भी मरीज मिले हैं।