मध्य प्रदेश में लगातार दूसरे दिन कोरोना के 21 नए मरीज सामने आए हैं। इन्हें मिलाकर प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 181 हो गई है। 24 घंटे में 16 केस रिकवर हुए हैं। इंदौर में सबसे अधिक 10 नए केस और भोपाल में 6 नए केस सामने आए हैं। सागर में 3 और ग्वालियर में 2 केस मिले हैं।
प्रदेश में लगातार एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। 7 दिन के एवरेज केस भी धीरे-धीरे बढ़ रहे हैं। 23 नवंबर तक जहां 7 दिन का एवरेज सिंगल डिजिट में बना हुआ था, वहीं अब यह बढ़कर 18 तक पहुंच गया है। नए केस में यूके, यूएस और यूएई से लौटे तीन लोग शामिल हैं। सागर में बहुत दिन बाद कोरोना का पॉजिटिव केस सामने आया है। सागर में जो तीन नए केस सामने आए हैं, वह नर्मदा परिक्रमा यात्रा पर गए थे। इसी तरह ग्वालियर में एक दंपती पॉजिटिव आए हैं। पति नोएडा में जॉब करता है। वह घर लौटा था। उसके बाद दोनों पॉजिटिव आए हैं। पिछले एक महीने में मध्य प्रदेश में 489 पॉजिटिव केस मिले हैं। इनमें सबसे अधिक 201 भोपाल में और 181 केस इंदौर में है। भोपाल में एक्टिव केस 62 है। वहीं, इंदौर में विदेश से आए तीन लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है।