MP Board 8th Class Result 2026 Out: मध्य प्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र ने कक्षा आठवीं का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। कुल 93.83 प्रतिशत विद्यार्थी परीक्षा में सफल हुए हैं। वहीं छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा है।
मध्य प्रदेश में कक्षा 8वीं के लाखों विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। कक्षा 8वीं का परीक्षा परिणाम इस बार काफी बेहतर रहा है। कुल 93.83 प्रतिशत विद्यार्थी परीक्षा में सफल हुए हैं। परीक्षा परिणाम में छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया। छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 94.98% रहा है। वहीं छात्रों का पास प्रतिशत 92.74% दर्ज किया गया। यह अंतर स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि बेटियां लगातार शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।
विज्ञापन
ग्रामीण क्षेत्र का रिजल्ट शहरी क्षेत्र से बेहतर रहा- शिक्षा मंत्री
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के लाखों बच्चों को इस परिणाम के माध्यम से खुशी मिलने वाली है। इस साल पिछले साल से बेहतर परिणाम आया। ग्रामीण क्षेत्र का परिणाम शहरी क्षेत्र से बेहतर रहा। वहीं, सरकारी स्कूलों का परिणाम निजी स्कूलों से बेहतर रहा है। उन्होंने कहा पहली बार बड़े स्तर पर परिणाम जारी किया गया है। कॉपी जांचने के लिए प्रदेशभर में 322 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे। यहां 1.10 लाख से ज्यादा शिक्षकों ने उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया। इसके बाद अंकों की ऑनलाइन एंट्री कर परिणाम तैयार किया गया।
विज्ञापन
ऐसे देखें रिजल्टविद्यार्थी अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट www.rskmp.in/result.aspx पर जाकर रोल नंबर या समग्र आईडी डालकर देख सकते हैं। इस बार प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए QR कोड की सुविधा भी दी गई है, जिससे सीधे परिणाम पेज पर पहुंचा जा सकता है। इस बार कक्षा 8वीं की परीक्षा में 10.92 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे।
स्कूल शिक्षा विभाग के अपर संचालक अरुण कुमार ने बताया कि परिणाम में कोई त्रुटि न हो, इसके लिए एक छात्र के अंकों की दो सौ बीस बार एंट्री की गई है। एक लाख से ज्यादा टीचरों ने ये कार्य अपने हाथों से किया है। इसके बाद भी यदि किसी बच्चे को अपने अंकों को लेकर कोई समस्या है तो वो दोबारा मूल्यांकन करने के लिए आवेदन कर सकता है।