मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए शहर की एक सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप पर्चा भरने वाले संजय शुक्ला ने खुद को 103.71 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति का मालिक बताया है। इसके साथ ही वह 28 नवंबर को होने वाले चुनावों में किस्मत आजमा रहे प्रदेश के सबसे धनी प्रत्याशियों की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय में शुक्ला (49) के जमा कराये हलफनामे के मुताबिक वह 41.35 करोड़ रुपये मूल्य की चल संपत्ति के मालिक हैं, जबकि उनकी अचल संपत्ति का मौजूदा बाजार मूल्य 62.36 करोड़ रुपये है। हालांकि, उन पर अलग-अलग बैंकों, व्यक्तियों और वित्तीय संस्थाओं की 27.96 करोड़ रुपये की देनदारी भी है जिसमें उनके द्वारा लिए गए कर्ज शामिल हैं। इस 12वीं पास उम्मीदवार के नाम 2.03 करोड़ रुपये की सरकारी देनदारी भी है जिसे उन्होंने अपने हलफनामे में "विवादाधीन" बताया है।
बहरहाल, जिस इंदौर-एक सीट से शुक्ला ने पर्चा भरा, उस सीट पर कांग्रेस ने बुधवार को जारी सूची में प्रीति अग्निहोत्री को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। इस घोषणा के फौरन बाद शुक्ला ने यह आरोप लगाते हुए इंदौर-एक सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी थी कि इस सीट के टिकट को बेच दिया गया है।