कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मुरैना एसपी पर भी आरोप लगाते हुए उन्हें बीजेपी एजेंट करार दिया है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा में कहा कि बीजेपी चुनाव में पुलिस, पैसा, प्रशासन का उपयोग कर रही है। कल रात भर बीजेपी ने शराब, पैसे बांटे हैं। मेरे पास इसके वीडियो आए हैं। इंदौर की घटना पर नाथ ने कहा कि इंदौर 1 में मैंने एसपी से बात की है। वहीं, राजनगर छतरपुर की घटना पर उन्होंने कहा कि मेरी कांग्रेस प्रत्याशी नाती राजा से बात हुई है। उन्होंने बताया है कि एसी कोई घटना नहीं हुई है।
नरोत्तम पर तंज
वी डी शर्मा के दावों पर नाथ ने कहा कि उनके पास अब कुछ कहने को बचा नहीं है। वहीं, नरोत्तम मिश्रा के कांग्रेस के जीतने पर पाकिस्तान में खुशी मनाए जाने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि उन्हें पहले अपनी चिंता करनी चाहिए। पहले वो ये देखें कि वो जीत भी रहे हैं या नहीं।
शिवराज को बताया कलाकार
नाथ ने कहा कि शिवराज जी कलाकार हैं एक्टिंग करेंगे ही। वो बेरोजगार नहीं होंगे। एक्टिंग करने मुंबई जाएंगे। कांग्रेस की सीटों पर उन्होंने कहा कि परिणाम के बारे में आप सभी मुझसे 3 दिसंबर को भी मिलेंगे। नाथ ने दावा किया कि कांग्रेस की सरकार बन रही है। जनता तय करेगी, कितनी सीटें आएंगी।