पुलिस की गिरफ्त में इनामी बदमाश
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के मुरैना के शादी-समारोह में दावत खाने पहुंचे पांच हजार के शातिर इनामी बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया। बदमाश ने भागने की कोशिश की तो जवानों ने जमीन पर गिरा कर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस के कब्जे से अपने-आपको छुड़ाने के लिए बदमाश जोर-जोर से चिल्लाने लगा बचाओ-बचाओ चोर आ गए। यह घटना सरायछोला थाना क्षेत्र स्थित बाबू सिंह का पुरा गांव की है। बदमाश की आवाज सुनकर ग्रामीण उसको बचाने पहुंचे तो पुलिस को देखकर पीछे हट गए। बदमाश के कब्जे से पुलिस ने एक कट्टा और 50 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, मुरैना जिले के सरायछोला थाना प्रभारी दर्शनलाल शुक्ला को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पांच हजार का इनामी बदमाश पप्पू गुर्जर निवासी बरवासिन का पुरा गांव एक शादी-समारोह में शामिल होने के लिए बावू सिंह का पुरा गांव में आने वाला है। इसी सूचना पर थाना प्रभारी ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों के निर्देश पर बदमाश को पकड़ने के लिए दो टीमें बनाई गईं।
पुलिस की एक टीम ने बावू सिंह का पुरा गांव में दबिश दी। दबिश के दौरान पुलिस ने शादी-समारोह वाले स्थान से थोड़ी दूर पर खड़े बदमाश को दबोच लिया। बदमाश ने पुलिस के चंगुल से छूटने का प्रयास किया तो जवानों ने उसे जमीन पर गिरा कर पीट दिया।
इसके बाद बदमाश जोर-जोर से चिल्लाने लगा कि बचाओ-बचाओ चोर आ गए। यह सुनते ही ग्रामीण उसको बचाने के लिए पहुंचे, तब तक सरायछोला थाना प्रभारी भी अपनी टीम के साथ वहां पहुंच गए। पुलिस को देखते ही ग्रामीण पीछे हट गए। इसके बाद पुलिस बदमाश को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस ने बदमाश के पास से 315 बोर का एक कट्टा और 50 जिंदा राउंड बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित है। बदमाश के खिलाफ नूराबाद, सरायछोला, देवगढ़ और सिविल लाइन समेत निहालगंज, धौलपुर में 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कोर्ट ने इस बदमाश की गिरफ्तारी के लिए दो वारंट जारी कर रखे हैं।