सिवनी: शनिवार को सिमरिया गांव पहुंचा बीजेपी का जांच दल।
- फोटो : अमर उजाला
एमपी के सिवनी जिले के सिमरिया गांव में हुई मॉब लिंचिंग की घटना के बाद सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को बीजेपी का 6 सदस्यीय जांच सिवनी जिले के सिमरिया गांव पहुंचा। जांच दल में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धुर्वे, सांसद गजेंद्र पटेल, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कलसिंह भावर, सांसद दुगार्दास उईके अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नत्था शाह, विधायक हरिशंकर खटीक और राज्य सभा सांसद सम्पतिया उइके सिमरिया पीड़ित आदिवासी परिवारों से मिलने पहुंचे थे, इस दौरान घटना से नाराज ग्रामीणों के आक्रोश का सामना बीजेपी के जांच दल को करना पड़ा।
जिस वक्त राज्यसभा सांसद संपतिया उइके पत्रकारों से बातचीत कर रही थी,उसी दौरान ग्रामीणों ने बीजेपी सरकार हाय हाय के नारे लगा दिए,जिससे नाराज होकर संपतिया उइके प्रेस वार्ता बीच में ही छोड़ कर चली गई। दरअसल नाराज ग्रामीण मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से घटना में शामिल आरोपियों के घरों पर बुलडोज़र चलाने की मांग कर रहे हैं।
बता दें 2 मई की देर कुरई थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव में करीब 15 लोगों ने गौमांस के शक में 2 आदिवासियों की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी, पुलिस ने घटना में शामिल बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। वहीं बीजेपी के जांच दल के पूर्व कांग्रेस का जांच दल भी सिमरियां गांव में जांच करने पहुंचा था।