मध्यप्रदेश के रीवा जिले में लोकायुक्त की जांच में एक महिला सरपंच फंस गई हैं। इनके पास से करोड़ों रुपये की संपत्ति सामने आई है। इसमें एक आलीशान बंगला, कई लग्जरी कार और कई जमीनें मिली हैं। महिला सरपंच की अभी तक 19 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति सामने आ चुकी है।
यह मामला जिले की हुजूर तहसील के बैजनाथ गांव का है। लोकायुक्त के दल ने यहां की सरपंच सुधा सिंह के आवास पर छापेमारी की। जांच दल को उनके पास आलीशान बंगला, करोड़ों की कीमत की गाड़ियां और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ क्रेशर और जेसीबी जैसी मशीनें भी मिली हैं।
करीब एक एकड़ जमीन में बने अपने शानदार बंगले में सुधा सिंह ने एक स्वीमिंग पूल भी बनवाया था। जानकारी के अनुसार अभी तक सामने आई संपत्ति की कीमत 19 करोड़ रुपये से ज्यादा है। अभी मामले की जांच चल रही है। लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर यह कार्रवाई की है।