राजधानी में मेट्रो का काम बहुत धीमी गति से चल रहा है। अब देशभर से दस कंपनियां डीपीआर तैयार करने के लिए आगे आई हैं। कंपनियों ने मेट्रो डीपीआर को तैयार करने के लिए एक साल का समय मांगा है।
कई महिनों से अटकने के बाद अब डीपीआर तैयार करने के लिए टेंडर से पहले नगरीय प्रशासन संचालनालय में आयोजित प्री बिड बैठक का आयोजन किया गया। बुधवार को इस हुई बैठक में अहमदाबाद, हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और कोलकाता आदि से मेट्रो ट्रेन के प्रोजेक्ट पर काम करने वाली कंपनियों ने भाग लिया।
मालूम हो कि राज्य सरकार ने डेढ़ साल पहले डीएमआरसी से भोपाल में मेट्रो के लिए प्रीफिजिबिलिटी सर्वे कराया था। इसमें शहर में 28 किमी लंबे तीन रूटों पर मेट्रो की जरूरत बताई गई थी। बैठक में अधिकारियों ने डीपीआर बनाने की इच्छित कंपनी को टेंडर के नियम व शर्तें बताईं। इस दौरान सभी कंपनियों ने प्रोजेक्ट्स का प्रजेंटेशन दिया। ज्यादातर कंपनियां डीपीआर के लिए समय बढ़ाने की मांग कर रही थीं। इस पर अधिकारियों ने इसमें संशोधन की बात स्वीकार कर ली। वहीं कंपनियों ने टेंडर भरने की तारीख चार जनवरी को भी बढ़ाने की मांग की।