मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में स्थित माधव नेशनल पार्क में भीषण आग लगने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि आग से जंगल का करीब 14 हेक्टेयर हिस्सा प्रभावित हुआ है और इससे जंगल के कुछ संसाधनों को नुकसान पहुंचा है। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल सका है।
दो दिन पहले लगी थी बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य में आग
उधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दो दिन पहले उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य के वन क्षेत्र में लगी आग के संबंध में जानकारी हासिल की। वन अधिकारियों के अनुसार, आग दो दिन पहले लगी थी। बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य के सूत्रों के मुताबिक अभयारण्य के कई जोन में भीषण आग फैल गई।
उन्होंने बताया कि यह आग मगधी, ताला एवं धमोखर जोन में दो दिन पहले लगी। सूत्रों के अनुसार इसकी तस्वीरें व वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर भी साझा की हैं। जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने कहा, 'मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएम ने बुधवार को वन विभाग के अधिकारियों से इस बारे में जानकारी ली।'
अधिकारी ने कहा, 'समीक्षा बैठक के दौरान वन विभाग के प्रमुख सचिव ने जानकारी दी कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। किसी भी तरह की हानि नहीं हुई है। किसी वन्य-जीव की मृत्यु भी नहीं हुई है।'
उन्होंने बताया कि प्रमुख सचिव ने कहा है कि क्षेत्र में वन विभाग के दलों को तैनात किया गया और आग पर काबू पाने के लिए एक कार्य-योजना भी तैयार की गई। बैठक में मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी भी उपस्थित थे।