पाक सेना की बर्बरता के शिकार हुए शहीद लांस नायक सुधाकर सिंह के पिता सच्चिदानंद सिंह की इच्छा है कि पाकिस्तान को उसी की भाषा में करारा जवाब दिया जाना चाहिए।
मध्य प्रदेश के सीधी जिले में अपने शहीद पुत्र के अंतिम संस्कार के बाद सच्चिदानंद सिंह ने कहा कि उनके बेटे को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि भारत पाकिस्तान को उसी की भाषा में करारा जवाब दे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने जिस तरह की कायरता पूर्ण हरकत की है, उसके लिए उसे जवाब दिया जाना चाहिए।
सिंह ने कहा कि सुधाकर हमारी ताकत था। उसे 15-16 फरवरी को गांव आना था, लेकिन अब तो हर चीज समाप्त हो गई है। सच्चिदानंद सिंह के चार बेटों में सुधाकर सबसे छोटे थे। उन्होंने 7 अप्रैल, 2002 को आर्मी ज्वाइन की थी। सुधाकर सिंह की तीन साल पहले दुर्गा से शादी हुई थी। उनका एक चार माह का बेटा भी है।
केंद्र सरकार की ओर से इस मामले में की गई कार्रवाई से संतुष्ट होने की बात पूछने पर सच्चिदानंद सिंह ने कहा कि भारत सरकार अपना काम कर रही है, लेकिन दुश्मन की नीच हरकत को देखते हुए हमें चुप नहीं बैठना चाहिए। हमें करारा जवाब देना चाहिए।
शहीद के चचेरे भाई प्रेम सिंह ने बताया कि सुधाकर के ससुर पूर्व सैनिक हैं और अपने दामाद को खोने के बाद भी वे चाहते हैं कि उनका नाती सेना में शामिल होकर देश की सेवा करे।