भोपाल की बड़ी झील में पलटी नाव
- फोटो : ANI
मध्यप्रदेश के भोपाल में स्थित बड़ी झील में उस समय बड़ा हादसा होते-होते बच गया जब बोट क्लब में एक ड्रैगन बोट पलट गई। नाव में आईपीएस अधिकारी भी सवार थे। गनीमत यह रही कि सभी ने लाइफ जैकेट पहनी हुई थी। हादसे के बाद मोटर बोट लेकर घूम रहे गार्ड्स तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने सभी अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यह हादसा गुरुवार को आईपीएस मीट वाटर स्पोर्ट्स कार्यक्रम के दौरान हुआ।
आईपीएस मीट के दूसरे दिन बोट क्लब में आईपीएस अधिकारी अपने परिवार के साथ वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों में हिस्सा ले रहे थे। इस दौरान ड्रैगन बोट से आईपीएस अधिकारियों का दल रेस में भाग ले रहा था और एक ड्रैगन बोट पलट गई। इस नाव में आईपीएस अधिकारी और उनकी परिवार सवार था। नाव में मध्यप्रदेश के डीजीपी विजय कुमार सिंह की पत्नी भी मौजूद थीं। बचाव दल की सूझबूझ के कारण सभी लोगों को सकुशल बचा लिया गया।
दो दिवसीय आईपीएस मीट का आयोजन मिंटो हॉल में हुआ था। इसका शुभारंभ राज्य के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने किया। मीट में चार जोन की टीम बनाई गई है। पुलिस अधिकारियों के परिजनों के मनोरंजन के लिए मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में फन गेम का आयोजन किया गया था।
आईपीएस मीट के पहले दिन हुआ क्रिकेट मैच
भोपाल में दो दिवसीय आईपीएस मीट चल रहा है। इसके पहले दिन पुलिस अधिकारियों ने अपने परिवार के साथ जमकर मौज मस्ती की। पहले दिन सुबह मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आईपीएस अधिकारियों के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। यह मैच डीजीपी वीके सिंह और एडीजी डी श्रीनिवास राव की टीम के बीच मैच खेला गया।