मंदसौर जिले में गांधीसागर थाना क्षेत्र के ग्राम नावली में दो सगी बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों बहनें रविवार को तालाब में नहाने गई थी, जिनके शव सोमवार को तालाब से निकाले गए।
मंदसौर के गांधीसागर में तालाब पर नहाने गई दो सगी बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना रविवार की बताई जा रही है। परिजनों को जब सोमवार को तालाब किनारे दोनों बच्चियों की चप्पल दिखाई दी। तब ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों के शव तालाब से ढूंढकर निकाले गए। वहीं, मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर क्षेत्र स्थित शिवना नदी में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शव को बाहर निकलवाकर पीएम करवाया। नई आबादी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
मंदसौर के गांधीसागर थाना क्षेत्र के ग्राम नावली में तालाब पर नहाने गई अर्चना उम्र 11 वर्ष तथा प्रज्ञा उम्र पांच वर्ष की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों बहनें रविवार को तालाब पर नहाने गई थी, जब काफी देर तक दोनों बालिकाएं घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की लेकिन वह नहीं मिली।
सोमवार सुबह जब परिजन और ग्रामीण दोनों बहनों की तलाश में तालाब की तरफ गए तो परिजनों को दोनों की चप्पल तालाब किनारे दिखाई दी। आशंका होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तालाब में तलाशी अभियान शुरू किया, काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। दोनों बच्चियों के शव देख परिजन बिलख-बिलख कर रो पड़े। सूचना पर गांधीसागर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर दोनों बच्चियों के शव को पीएम के लिए गांधीसागर अस्पताल पहुंचाया, जहां पीएम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए।
गांधीसागर थाना प्रभारी तरुणा भारद्वाज ने बताया कि नावली गांव की बांछड़ा समुदाय की दो बच्चियां तालाब पर नहाने गई थी, जहां नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से डूबने से दोनों बच्चियों की मौत हो गई। मृतक दोनों बच्चियां सगी बहनें थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।