रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य का डीआरएम ने किया निरीक्षण
रतलाम रेल मंडल के डीआरएम अवनीश कुमार ने चार्ज लेने के बाद मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे पहली बार मंदसौर रेलवे स्टेशन का दौरा किया। निरीक्षण के बाद वे नीमच रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुए। डीआरएम ने विशेष ट्रेन से पहुंचकर चित्तौड़गढ़ सेक्शन के प्रमुख स्टेशनों का निरीक्षण किया, जिसमें जावरा, मंदसौर और मल्हारगढ़ स्टेशन शामिल थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि नीमच से रतलाम रेल खंड के दोहरीकरण का कार्य इसी वर्ष जून-जुलाई तक पूरा हो जाएगा।
डीआरएम अवनीश कुमार रतलाम रेल मंडल के मंदसौर और नीमच रेलवे स्टेशनों पर चल रहे निर्माण कार्य और नीमच से रतलाम तक रेलवे लाइन के दोहरीकरण के कार्य का निरीक्षण करने भी पहुंचे। उन्होंने मंदसौर रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीआरएम ने कार्यों में तेजी लाने और समयावधि में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंदसौर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद डीआरएम विशेष ट्रेन से नीमच के लिए रवाना हुए। नीमच स्टेशन पर करीब आधे घंटे से अधिक समय तक उन्होंने प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और मौजूदा सुविधाओं का जायजा लिया। पर्यावरण और यात्रियों की सेहत को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्टेशन परिसर में अधिक से अधिक पौधरोपण के निर्देश दिए।
डीआरएम अवनीश कुमार ने बताया कि नीमच से रतलाम रेल खंड का दोहरीकरण कार्य जून-जुलाई 2025 तक पूरा हो जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ही स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था शुरू की जाएगी, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र आरंभ होगी। साथ ही, हेरिटेज बिल्डिंग के संरक्षण और उसके बेहतर उपयोग के लिए योजना बनाई जा रही है, ताकि इमारत की ऐतिहासिक संरचना को बनाए रखते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा सकें।
रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य का डीआरएम ने किया निरीक्षण