अघोरी मंगलनाथ तंत्र क्रिया करवाते हुए
ग्राम बैलारा में अघोरी बाबा मंगलनाथ के खिलाफ प्रयागराज के पंडित निलेश द्विवेदी की शिकायत पर केस दर्ज होने के बाद अब और भी पीड़ित सामने आने लगे हैं। राजस्थान चौमहेला निवासी संजीत पोरवाल ने भी दो लाख रुपए तंत्र-मंत्र के नाम पर लेने की शिकायत मंगलनाथ अघोरी बाबा के खिलाफ की है।
संजीत पोरवाल ने बताया कि घरेलु परेशानी हल करने के नाम पर बाबा ने उससे पहले 1 लाख फिर 80 हजार और फिर 20 हजार रुपए लिए हैं। एसपी के निर्देश पर प्रकरण दर्ज करने के बाद से पिपलियामंडी पुलिस लोगों से तंत्र-मंत्र से दुख-दर्द दूर करने का झांसा देकर लाखों रुपए ठगने वाला अघोरी मंगलनाथ की तलाश में लगी हुई है, लेकिन अब तक इसका और इसके साथी नरेन्द्र का कोई सुराग नहीं मिला है।
मामले के अनुसार उत्तरप्रदेश के प्रयागराज जिले के गांव निरोधा निवासी निलेश द्विवेदी और एक अन्य राजस्थान के युवक के साथ ग्राम बैलारा निवासी अघोरी मंगलनाथ व उसके साथी अंबालाल उर्फ नरेन्द्र ने मिलकर पूजा-पाठ व तंत्र-मंत्र क्रिया करने का झांसा देकर करीब चार लाख रुपए की ठगी की थी। आरोपी बाबा ने सोशल मीडिया के सहारे लोगों को ठगने के लिए अपना प्रचार-प्रसार किया। इसलिए प्रयागराज का पंडित युवक झांसे में आ गया। वहीं राजस्थान से भी कुछ लोगों से अघोरी ने इसी तरह की ठगी की है।
आत्मदाह की चेतावनी के बाद केस दर्ज
इससे पहले निलेश और पीड़ित राजस्थानी युवक ने एसपी कार्यालय में खुद पर पेट्रोल डालकर आत्महदाह का प्रयास किया था। इसके बाद पुलिस अलर्ट हुई। एसपी के निर्देश पर पिपलियामंडी पुलिस ने निलेश की शिकायत पर मंगलनाथ और नरेन्द्र के खिलाफ केस दर्ज किया था।
नए पीड़ित आने लगे सामने
एसपी के निर्देश पर पिपलियामंडी पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज करने के बाद अब मंगलनाथ और नरेन्द्र से पीडित अन्य लोग भी सामने आने लगे हैं। चौमहेला निवासी संजीत पोरवाल ने भी दो लाख रुपए वापस दिलाने की गुहार लगाई है।