मध्यप्रदेश के मंदसौर रेप मामले के दूसरे आरोपी आसिफ को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपी को दबोचने के बाद कई नए खुलासे हुए हैं।
आसिफ ही बच्ची को स्कूल से बहला-फुसलाकर कर ले गया था। और वह पूरे समय आरोपी इरफान के साथ घूमता रहा था। इसके बाद आसिफ ने बच्ची को इरफान को सौंप दिया। इरफान बच्ची को झाड़ियों में ले गया और वहां उसका रेप किया। इस दौरान आसिफ इरफान की रेकी कर रहा था। इरफान ने बच्ची का रेप करने के बाद उसे आसिफ के हवाले कर दिया और फिर उसने भी उसका रेप किया।
बच्ची को बहलाया
दोनों (आसिफ और इरफान) अक्सर महिलाओं पर फब्तियां कसते थे लेकिन इस बार उन्होंने एक बच्ची को चुना ताकि वह जोरजबरदस्ती करने पर विरोध न कर सके। आसिफ ने बच्ची को चॉकलेट देकर बहलाया था। उसने लालच दिया कि और चॉकलेट चाहिए तो साथ चलना होगा जिसके बाद बच्ची आसिफ के साथ चली गई।
मालूम हो कि तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली सात साल की मासूम के साथ दरिंदे ने पहले रेप किया और फिर हत्या करने के इरादे से उसके प्राइवेट पार्ट में लोहे की छड़ डाल दी। इतना ही नहीं दरिंदे ने दांतों से जगह-जगह काटा और चेहरे पर गंभीर घाव कर दिए।
बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे बच्ची को एक नाले के पास झाड़ियों से बाहर पड़ी मिली थी। वह ठीक से चल नहीं पा रही थी। चेहरा लहूलुहान था और शरीर पर कई घाव थे। पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर गई, जहां से बच्ची को इंदौर के सरकारी एमवाई अस्पताल रेफर कर दिया। गंभीर हालत देखते हुए बुधवार रात को ही उसके कई ऑपरेशन किए गए।