बलात्कारियों को फांसी की मांग के लिए प्रदर्शन
मंदसौर में सात साल की बच्ची के साथ हैवानियत करने वाला दूसरा आरोपी आसिफ शुक्रवार को गिरफ्तार हो गया। उसने कबूल किया कि वे बच्ची को लड्डू खिलाने का लालच देकर ले गए थे। मामले के आरोपी इरफान के गांव रिंगनोद के निवासियों ने कहा है कि फांसी के बाद इरफान का शव गांव में नहीं दफनाने देंगे। शुक्रवार को पूरे अंचल में बच्ची के साथ बलात्कार और हैवानियत करने वाले इन दोनों आरोपियों को फांसी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन हुए। मंदसौर के कालिदास मार्ग पर रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
बच्ची का इलाज एम्स में कराने की मांग
हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में एक जनहित याचिका दायर कर मांग की गई है कि पीड़ित बच्ची का इलाज ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (एम्स) नई दिल्ली में सरकारी खर्च पर कराया जाए। आनंद ट्रस्ट की ओर से सत्यपाल आनंद ने याचिका दायर की है। याचिका में उन्होंने पीएम और सीएम को पक्षकार बनाया है। याचिका में राज्य सरकार को जवाबदार मानते हुए बर्खास्त करने की भी मांग की गई है।
भाजपा विधायक बोले- सांसद जी आए हैं, धन्यवाद करो
मंदसौर के भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता अस्पताल में बच्ची का हाल जानने पहुंचे। यहां भाजपा विधायक सुदर्शन गुप्ता ने बच्ची के माता-पिता से कहा, "सांसद जी आपसे मिलने आए हैं, इनका धन्यवाद करो।" वहीं कांग्रेस प्रभारी दीपक बावरिया ने कहा कि भाजपा इस कांड को सांप्रदायिक रंग दे रही है।