मंदसौर गोलीकांड की पहली बरसी पर एक रैली के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 10 दिनों के अंदर किसानों का कर्ज माफ करने का वायदा किया है। वह गीलकांड में मारे गए किसानों को श्रद्धांजलि देने पिपलियामंडी पहुंचे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वह खोखले वादे नहीं कर रहे हैं बल्कि जो बोल रहे हैं उसे करके दिखाएंगे। यूपीए की सरकार ने देशभर के किसानों का 70 हजार करोड़ रुपए का कर्जा माफ कर दिया था।
कांग्रेस यहां आगामी चुनावों के मद्देनजर राज्य के लोगों को लुभाने की कोशिश कर रही है। इस रैली को सूबे में पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत के साथ ही 2019 में कांग्रेस की तरफ किसानों को आकर्षित करने के प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है।
राहुल ने कहा कि हम फूड चेन और फूड प्रोसेसिंग प्लान बनाएंगे। जहां हर जिले का किसान सीधे जाकर अपनी उपज बेच सकेगा और आपकी जेब से एक पैसा शिवराज जी नहीं ले पायेंगे।
उन्होंने कहा कि आज आप मंडी में जाते हैं आपको चेक मिलता है फिर बैंक में रिश्वत मांगी जाती है, 15 प्रतिशत शिवराज चौहान ले लेते हैं। हम आपको मंडी में सीधे पैसा देंगे। हम आपसे खोखले वायदे नहीं करेंगे। जो आप इस मंच से सुनेंगे वो मैं आपको करके दिखा दूंगा।
मेड इन इंडिया की तर्ज पर राहुल ने मेड इन मंदसौर की बात करते हुए कहा कि मेरा सपना है कि 5-7 साल बाद जब हम यहां आएं और अपना फोन देखें तो उसपर मेड इन मंदसौर लिखा हो।
मोदी मोदी भाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ऐसा करने में सक्षम नहीं हैं। कमलनाथ और सिंधिया ऐसा कर सकते हैं। किसानों को साधते हुए गांधी ने एक बार फिर मोदी को निशाना साधा और कहा कि मोदी मोदी भाई हैं। नीरव भाई और मेहुल भाई को नरेंद्र मोदी जी ने 30,000 करोड़ रुपए दिए। इतने पैसे से मध्य प्रदेश में किसानों का दो बार का कर्जा माफ किया जा सकता है।
किसानों को अपनी पहली प्राथमिकता बताते हुए राहुल ने कहा कि जो खाना हम खाते हैं वह सब हमारे किसानों और उनके प्रयासों की वजह से है ना कि किसी अमीर बिजनेसमैन की वजह से। इसी वजह से किसान हमारी प्राथमिकता हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को मोदी ने धोखा दिया है। राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने किसानों से धोखा किया, उन्होंने किसानों से सही दाम दिलवाने का वादा किया था। लेकिन सबसे बड़ा धोखा उन्होंने देश के युवाओं से किया। उन्होंने 15 लाख रुपये और 2 करोड़ नौकरी देने का वादा किया था।
किसानों की बात करते हुए राहुल ने कहा कि पूरे देश में किसान अपना हक मांग रहा है, चिल्ला रहा है और आत्महत्या कर रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की सरकार हो या फिर किसी भी राज्य में भाजपा की सरकार, इनके दिलों में किसानों के लिए कोई जगह नहीं है। अपने अमीर बिजनेसमैन दोस्तों की मदद करना ही ही मौजूदा सरकार की प्राथमिकता है।
मोदी ने आरएसएस की पढ़ाई की है
मोदी की पढ़ाई पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी पढ़े-लिखे तो हैं, लेकिन उनकी पढ़ाई गलत है। उन्होंने आरएसएस वाली पढ़ाई की है, हमारी पढ़ाई उनसे पूरी तरह अलग है। कांग्रेस के लोगों ने नफरत की नहीं बल्कि प्यार की पढ़ाई की है।