मंदसौर में पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम लसुड़िया राठौर में बुधवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला के मकान पर धावा बोला। यहां अफीम चुराते समय जब बुजुर्ग महिला चंद्रकुंवर पति समंदर सिंह उम्र 70 वर्ष ने बदमाशों को देखा और उनका विरोध किया, तो आरोपियों ने महिला की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी। बदमाश यहां से करीब सात किलो अफीम चुरा कर ले गए, जिसकी कीमत 14 लाख रुपये बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि महिला चंद्रकुंवर के नाम 10 आरी (करीब आधा बीघा) जमीन में अफीम पट्टा है, जिसे उसने गांव के प्रहलाद प्रजापत को बटाई में दिया था। महिला अपने दो बेटों बलवंत सिंह और महेंद्र सिंह के साथ राजस्थान के निम्बाहेड़ा में रहती है। दोनों बेटे जेके सीमेंट फैक्ट्री में काम करते हैं। सूत्रों की माने तो घटना को किसी जानकार व्यक्ति द्वारा ही अंजाम दिया गया है। मृतक महिला चंद्रकुंवर राजस्थान से अफीम की खेती के लिए करीब डेढ़ महीने पहले लसुड़िया राठौर आई थी और वह यहां अकेले ही रह रही थी। बटाईदार प्रहलाद प्रजापत गुरुवार सुबह महिला को अफीम जमा कराने की तारीख बताने जब उसके घर पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ था। जब उसने घर के अंदर झांक कर देखा तो महिला फर्श पर मृत अवस्था में पड़ी थी, जिसके बाद प्रहलाद प्रजापति ने पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एसपी अनुराग सुजनिया, एएसपी गौतम सोलंकी एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी पीपलियामंडी थाना टीआई नीरज सारवान मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। इधर, आरोपियों की तलाश के लिए व सबूत जुटाने के लिए के लिए डॉग स्क्वॉड, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डॉग स्क्वॉड की टीम ने आसपास के क्षेत्र में भी तलाश की, लेकिन कोई विशेष सफलता हाथ नहीं लगी।