मंदसौर के भानपुरा में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव के टुकड़े किए फिर उनको खेत में जलाया। इसके बाद राख और हड्डियों के टुकड़ों को खेत में गाड़ दिया। अपराधियों के सारे इंतजाम धरे के धरे रह गए क्योंकि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर
मंदसौर से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। भानपुरा के गांव दूधाखेड़ी में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या इतनी क्रूर थी कि कातिलों ने पहले पति को मारा, फिर शव के टुकड़े किए, इतने पर भी उनकी रूह नहीं कांपी तो शव के टुकड़ों को जलाया। फिर बची हुई राख और हड्डियों को खेत में गाड़ दिया।
विज्ञापन
पांच साल से चल रहा था अवैध प्रेम प्रसंग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक धनराज नाथ योगी की पत्नी का पिछले पांच वर्षों से गांव के ही रहने वाले पंकज चौधरी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। यह अवैध संबंध ही धनराज की मौत का कारण बना। आरोप है कि 10 अप्रैल को मुख्य आरोपी पंकज चौधरी, धनराज को गाड़ी में बैठाकर ले गया और फिर उसकी पत्नी को भी साथ ले लिया। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया।
यहां शव के बचे अवशेषों को खेत में दफनाया गया था, अब बोरी में पुलिस ने भरा।
- फोटो : अमर उजाला
खून के बदले खून: साक्ष्यों को मिटाने की कोशिश
हैवानियत की हदें तब पार हो गईं जब हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे जला दिया। जब अवशेष (हड्डियां) जलने से बच गए, तो उन्हें खेत में गहरे गड्ढे में दफना दिया गया ताकि किसी को शक न हो। हालांकि, अपराधियों के सारे इंतजाम धरे के धरे रह गए और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बेटी के गंभीर आरोप, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
इस जघन्य हत्याकांड के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है। मृतक की बेटी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। वहीं, घटना के विरोध में ग्रामीण दोपहर से लेकर देर रात तक गरोठ-भानपुरा रोड पर चक्काजाम कर प्रदर्शन करते रहे।
गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस बल तैनात किया गया है।
- फोटो : अमर उजाला
ग्रामीणों की मांग: 'आरोपी का घर ढहाया जाए'
दूधाखेड़ी में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हैं। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि जब तक मुख्य आरोपी पंकज चौधरी का मकान जेसीबी से नहीं तोड़ा जाता और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आक्रोश शांत नहीं होगा। पुलिस प्रशासन ग्रामीणों को समझाने और स्थिति को नियंत्रण में करने के प्रयास में जुटी है। इस पूरे मामले ने पूरे मंदसौर जिले में सनसनी फैला दी है और लोग इस घटना को समाज के लिए कलंक बता रहे हैं। पुलिस अब मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।