मध्य प्रदेश के मंदसौर में जिस गोमांस रखने के शक में दो मुस्लिम महिलाओं से मारापीटा गया था, वो जांच में भैंस का पाया गया है। मंगलवार को मंदसौर में कथित हिंदू संगठन के लोगों ने दो महिलाओं को पीटा था। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद राज्य में विपक्ष ने भाजपा सरकार को घेरा है।
पुलिस ने इन महिलाओं को गिरफ़्तार कर 30 किलो मांस बरामद किया था। जांच में पता चला कि वह गोमांस नहीं था। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि राज्य में भाजपा और उससे जुड़े संगठन डर का माहौल पैदा करना चाहते हैं।
कांग्रेस विधायक आरिफ़ वक़ील ने कहा, ''महिलाओं को गिरफ़्तार किया गया, उन पर इल्ज़ाम लगाया गया कि इनके पास जो गोश्त है, वो गाय का है। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद सरकार को मुआवज़ा देना चाहिए. उनसे माफ़ी मांगनी चाहिए।"
राज्य के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ़ कार्रवाई की जाएगी। गृह मंत्री इससे पहले मांस की तस्करी में किसी गिरोह के शामिल होने की बात कह चुके हैं।