सरकारी क्वार्टर में आरक्षक ने लगाई फांसी
- फोटो : अमर उजाला
मंडला जिले के बम्हनी बंजर थाना परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर में एक पुलिस आरक्षक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान आरक्षक सुनील सरयाम के रूप में हुई है, जो वर्तमान में मंडला पुलिस लाइन में पदस्थ था।
जानकारी के अनुसार, आरक्षक सुनील सरयाम अपने परिवार के साथ थाना परिसर के पीछे स्थित सरकारी आवास में रहता था। परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह उसने पत्नी से भोजन तैयार करने के लिए कहा और यह कहते हुए दूसरे कमरे में चला गया कि वह शराब का सेवन कर रहा है तथा बाद में ड्यूटी पर जाएगा। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर पत्नी ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद परिजनों और परिचितों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो सुनील सरयाम फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, एसडीओपी नैनपुर सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पढ़ें: कमिश्नर कार्यालय में बेसुध होकर गिर पड़ा था; पुलिसकर्मी बने मसीहा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा ने बताया कि मृतक वर्ष 2013 से पुलिस विभाग में कार्यरत था और 3 मार्च से लगातार अनुपस्थित चल रहा था। प्रारंभिक जांच में उसके द्वारा शराब सेवन किए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। वहीं एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और एफएसएल रिपोर्ट की जांच के बाद आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।