घुघरी थाना क्षेत्र की सलवाह चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत भैंसवाही के स्कूल टोला में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। करीब 83 वर्षीय सोहन सिंह सरोते का शव उनके झोपड़ीनुमा कमरे में खून से सना मिला। बुजुर्ग के गले, चेहरे, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा के अनुसार, सोहन सिंह अपनी पत्नी के साथ स्कूल टोला में रहते थे, जबकि उनके बच्चे अलग रहते थे। बीती रात पति-पत्नी खाना खाने के बाद सो गए थे। सुबह पत्नी ने उठकर देखा तो सोहन सिंह के गले पर गंभीर चोट थी। उन्होंने तत्काल अपने बेटे अतुल को इसकी जानकारी दी। अतुल ने मौके पर पहुंचकर पिता को मृत पाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सलवाह चौकी और घुघरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए बालाघाट से FSL की विशेष टीम भी बुलाई गई, जिसने घटनास्थल का परीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
ये भी पढ़ें-
त्विषा शर्मा केस: पूर्व जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज एक्ट की धारा हटी, सीबीआई ने हाईकोर्ट में दी जानकारी
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक कथित तौर पर गुनिया का काम करते थे, जिसे स्थानीय स्तर पर जादू-टोने से जोड़कर देखा जाता है। पुलिस को आशंका है कि इसी वजह से किसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और आरोपी का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।