मध्यप्रदेश के छतरपुर में एक दिव्यांग किसान के घर का एक महीने का बिल 74962 रुपये आया तो पूरे परिवार के होश उड़ गए। परेशान किसान ने बताया कि उसके घर में एक बल्ब के सिवाय कुछ भी नहीं है। इतनी गर्मी में भी उसका परिवार बिना पंखे के गुजारा करता है। परेशान किसान ने अपनी फरियाद बिजली विभाग में लगाई तो उसे वहां से टरका दिया गया।
जानकारी के अनुसार छतरपुर के रहने वाले लल्ली सिंह दोनों हाथों से अपाहिज हैं। बुधवार को वह बिजली विभाग का एक बिल लेकर कलेक्टर के जनसुनवाई कार्यक्रम में पहुंचे और अपनी व्यथा बताई।
किसान ने बताया कि वह बिल लेकर कई बार बिजली विभाग के चक्कर लगा चुका है लेकिन कोई सुनवाई करने को तैयार ही नहीं है। कलेक्टर ने किसान का बिजली बिल देखकर अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।