फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP: मैहर में शराब पीकर स्कूल पहुंचा शिक्षक, बच्चों से साफ कराए शौचालय; दीवारों पर थूका गुटखा, नोटिस जारी

Sun, 09 Aug 2026 12:55 PM IST
मैहर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मैहर

सार

मैहर के अमुआ प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक का वीडियो वायरल होने के बाद उन पर नशे की हालत में स्कूल पहुंचने और बच्चों से साफ-सफाई कराने के आरोप लगे हैं। क्लासरूम में गुटखे के निशान भी बताए जा रहे हैं। शिक्षा विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी कर निलंबन का प्रस्ताव भेजा है।
विज्ञापन
स्कूल में शराबी शिक्षक - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मैहर जिले के रामनगर विकासखंड अंतर्गत अमुआ प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ प्रभारी प्रधानाध्यापक समय लाल कोल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में शिक्षक के नशे की हालत में स्कूल पहुंचने का दावा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों की ओर से शिक्षक पर स्कूल परिसर में अनुशासनहीनता करने और बच्चों से साफ-सफाई कराने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
विज्ञापन


नशे की हालत में स्कूल पहुंचने का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रभारी प्रधानाध्यापक पर आए दिन शराब के नशे में विद्यालय पहुंचने के आरोप लगते रहे हैं। वायरल वीडियो को लेकर भी दावा किया जा रहा है कि शिक्षक नशे की हालत में विद्यालय में मौजूद थे। मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और लोग शिक्षा विभाग से पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। शिक्षक का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बच्चों से कराई जाती है स्कूल की साफ-सफाई
स्थानीय लोगों और कुछ विद्यार्थियों के आरोपों के मुताबिक, विद्यालय में छात्र-छात्राओं से साफ-सफाई का काम भी कराया जाता है। आरोप है कि स्कूल परिसर और शौचालय की सफाई तक बच्चों से कराई जाती है। यदि यह आरोप सही पाए जाते हैं तो यह विद्यालय में बच्चों की शिक्षा और उनके अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला माना जाएगा। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से मौके पर पहुंचकर जांच कराने की मांग की है।
विज्ञापन


क्लासरूम में गुटखे के निशान ने बढ़ाई चिंता
विद्यालय के क्लासरूम में दीवारों पर गुटखा और पान मसाला थूकने के निशान होने की बात भी सामने आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिक्षक द्वारा स्कूल परिसर में ही पान-गुटखा खाने और दीवारों पर थूकने जैसी गतिविधियां की जाती हैं। स्कूल परिसर में इस तरह की स्थिति सामने आने से अभिभावकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जिस विद्यालय में बच्चों को स्वच्छता और अनुशासन का पाठ पढ़ाया जाना चाहिए, वहां यदि शिक्षक पर ही नियमों की अनदेखी के आरोप लग रहे हैं तो यह बेहद गंभीर विषय है।

ये भी पढ़ें-  गजब है एमपी: तोते के लिए 10 हजार का इनाम, घर का लाड़ला 'गोपी' कल से गायब; परेशान घरवालों ने छपवाया पोस्टर

शिक्षा विभाग की जांच का इंतजार
मामला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आया है। अब स्थानीय लोगों की नजर शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर है। लोगों की मांग है कि विद्यालय में अधिकारियों की टीम भेजकर विद्यार्थियों और ग्रामीणों के बयान लिए जाएं तथा वायरल वीडियो समेत स्कूल की व्यवस्थाओं की जांच की जाए। पूरे मामले में जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो और शिक्षक पर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जा रही है।
विज्ञापन


मामले पर रामनगर विकासखंड अधिकारी राजेश द्विवेदी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। उक्त मामले में संकुल प्राचार्य द्वारा संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और शिक्षक के विरुद्ध निलंबन का प्रस्ताव जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें