जुआ फड़ पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
- फोटो : credit
मैहर जिले में अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में अमरपाटन थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लालपुर गांव में चल रहे जुआ फड़ पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने मौके से 15 जुआरियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अमरपाटन थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लालपुर गांव के एक निर्माणाधीन मकान में चल रहे जुआ फड़ पर अचानक दबिश दी। छापेमारी के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया और कार्यवाही शुरू कर दी।
मौके से नकदी और मोबाइल बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से ₹56,240 नकद, 15 मोबाइल फोन और ताश की गड्डियां जब्त की हैं। सभी जुआरियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के समय इस तरह की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी जाती है, इसलिए क्षेत्र में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।