दिवाली की रात शहर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां 10 से 12 दोस्तों ने मिलकर अपने ही एक 30 वर्षीय साथी की चाकू गोदकर हत्या कर दी। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक हमले के बाद लड़खड़ाता हुआ दिख रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शराब पार्टी में हुआ खूनी संघर्ष
आजाद नगर थाना टीआई लोकेंद्र भदौरिया के अनुसार, यह वारदात पालदा इलाके में सोमवार देर रात करीब 1 बजे हुई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय राजा सोनकर, पिता सतीश सोनकर, निवासी पारसी मोहल्ला के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, राजा अपने साथियों के साथ पालदा इलाके में एक निजी बस डिपो के पास गार्ड रूम के बाहर शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया।
यह भी पढ़ें...
Indore News: ट्रक ने मां-बेटी को रौंदा, दोनों की दर्दनाक मौत, पति की हालत गंभीर
वसीम और साथियों पर हत्या का आरोप
विवाद के बाद वसीम और उसके 10-12 साथियों ने राजा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। परिजन उसे गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में वसीम और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
जिलाबदर था मृतक राजा
पुलिस ने बताया कि मृतक राजा सोनकर संयोगितागंज थाने का लिस्टेड बदमाश था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुछ समय पहले ही संयोगितागंज पुलिस ने उसे जिलाबदर भी किया था। उसकी जिलाबदर की अवधि 10 नवंबर को समाप्त होनी थी।
दिवाली मनाने छिपकर आया था इंदौर
राजा ढोलक बजाने का काम करता था। बताया गया है कि वह अपनी बहन द्वारा चचेरे भाई से शादी करने को लेकर नाराज था और उसने अपने चचेरे भाई की दुकान में तोड़फोड़ की थी, जिसके बाद उसे जिलाबदर किया गया था। वह दो दिन पहले ही दिवाली मनाने के लिए पुलिस से छिपकर इंदौर आया था और अपने दोस्त के यहां रुका हुआ था।