शिकार करने वाले आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
अवैध शिकार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मैहर वन विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने ग्राम मानपुर में दबिश देकर दो शिकारियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगली सूअर का शिकार कर उसका मांस बेचने की तैयारी में हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर छापा मारा और दोनों आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ लिया।
वन विभाग ने आरोपियों के पास से जंगली सूअर का मांस, हथियार और शिकार से जुड़े अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि दोनों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही मामले में और लोगों की संलिप्तता की जांच भी की जा रही है।
पढ़ें: हनी ट्रैप का खुलासा, फिरौती मांगने वाली महिला गिरफ्तार; गंदा वीडियो बनाकर कर रही थी ब्लैकमेल
वन विभाग अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वन्य प्राणियों का शिकार पूरी तरह प्रतिबंधित है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शिकार या मांस की बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत सूचित करें। इस कार्रवाई में रेंजर, बीट गार्ड और अन्य वनकर्मी शामिल रहे। विभाग का मानना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से शिकारियों के हौसले कमजोर होंगे और वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।