फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मैहर सड़क हादसा: नागपुर जा रही स्लीपर बस ने बाइक सवारों को रौंदा, पिता-पुत्र की मौत; एक युवक गंभीर घायल

Tue, 16 Jun 2026 08:55 AM IST
मैहर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मैहर

सार

मैहर के नादन-देहात थाना क्षेत्र में भेड़ा मोड़ के पास तेज रफ्तार स्लीपर बस की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर खड़े लोग। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मैहर के नादन-देहात थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। भेड़ा मोड़ के पास तेज रफ्तार स्लीपर बस की टक्कर से बाइक सवार पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विज्ञापन


प्राप्त जानकारी के अनुसार, उचेहरा थाना क्षेत्र के खूझा गांव निवासी राजकिशोर कुशवाहा अपने पुत्र आकाश कुशवाहा और अरविंद कुशवाहा के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। तीनों सोमवार रात लगभग 10 बजे अमरपाटन की ओर से मैहर होते हुए अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान जैसे ही उनकी बाइक नादन थाना क्षेत्र के भेड़ा मोड़ के पास पहुंची, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त कि बाइक के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी अधिक थी। टक्कर के बाद बाइक कई मीटर दूर जा गिरी और उस पर सवार तीनों लोग सड़क पर बुरी तरह घायल होकर गिर पड़े। हादसा इतना भयावह था कि बाइक चला रहे आकाश कुशवाहा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
विज्ञापन


अस्पताल में पिता ने भी तोड़ा दम
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल राजकिशोर कुशवाहा और अरविंद कुशवाहा को स्थानीय लोगों की मदद से सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन राजकिशोर कुशवाहा की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उनकी भी मौत हो गई। वहीं अरविंद कुशवाहा का उपचार जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

देर रात तक मौके पर जुटी रही भीड़
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सड़क पर लोगों की भीड़ जमा होने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को यातायात व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस ने तत्काल संभाली स्थिति
नादन थाना प्रभारी पंचराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा घायल युवक को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। इसके बाद सड़क पर जमा भीड़ को हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया।

बस जब्त, जांच शुरू
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्लीपर बस को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस द्वारा बस चालक से पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें- MP News: 155 एसएएस के ट्रांसफर, कई विभागों ने भी देर रात निकाली लिस्ट; आज कैबिनेट में तारीख बढ़ाने पर चर्चा

गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार के पिता और बेटे की मौत की खबर जैसे ही खूझा गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ ही पलों में परिवार के दो सदस्यों को खो देने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मंगलवार सुबह से ही लोगों का घर पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करने का सिलसिला जारी रहा।
विज्ञापन


सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
भेड़ा मोड़ पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, गति नियंत्रण के उपाय करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें