मध्य प्रदेश में बीते दो दिनों से अचानक पड़ी ठंड से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।
उत्तर में चल रही शीतलहर से मध्य प्रदेश भी कांपने लगा है। ग्वालियर और नौगांव में सीजन की सबसे ठंडी रात रही, दोनों जगह पारा गिरकर 1.8 डिग्री पर पहुंच गया। उमरिया में तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। राजधानी भोपाल में रात का पारा 4 डिग्री तक लुढ़क गया। न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में काफी गिरावट रही, इससे दिन में ठंड अच्छी-खासी पड़ रही है।
मौसम विभाग के अनुसार कड़ाके की सर्दी फिलहाल जारी रहेगी। दो-तीन दिन सर्दी का सितम झेलना पड़ेगा। देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में दिख रहा है। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार नौगांव और ग्वालियर सबसे ठंडे रहे, यहां रात का तापमान 1.8 डिग्री दर्ज किया गया। जो शनिवार रात से करीब 2 डिग्री कम है। इसके अलावा उमरिया में भी शनिवार रात के तापमान से 8.3 डिग्री गिरकर पारा 2 डिग्री पर पहुंचा है। भोपाल (4.0), दतिया (4.6), गुना (2.6), पचमढ़ी (2.0), रायसेन (2.8), राजगढ़ (4.0), शाजापुर (3.9), दमोह (4.8), खजुराहो (3.4), मंडला (4.5), रीवा (2.6), सागर (4.4), टीकमगढ़ (3.8), उमरिया (2.0) में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के नीचे रहा।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। रीवा, जबलपुर, सिवनी, खजुराहो, टीकमगढ़, रायसेन, राजगढ़, धार, रतलाम, शाजापुर में शीतलहर तथा उमरिया, नौगांव, सागर, भोपाल, गुना, ग्वालियर में तीव्र शीतलहर का प्रभाव रहा। सतना, नरसिंहपुर, खजुराहो, बैतूल, दतिया, गुना में शीतल दिन तथा सिवनी, भोपाल, इंदौर, धार, रतलाम, शाजापुर, उज्जैन में तीव्र शीतलदिन रहा। सागर और इंदौर संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान काफी गिरा।
अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
ग्वालियर तथा चंबल संभाग के जिलों में तथा उमरिया, छतरपुर, सागर व सीहोर जिलों में कहीं-कहीं अगले दो दिन तीव्र शीतलहर चलने की संभावना है। सिवनी, धार, उज्जैन जिलों में कहीं-कहीं अगले दो दिन तीव्र शीतल दिन रहने की संभावना बताई जा रही है। वहीं उमरिया, छतरपुर, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, ग्वालियर, गुना जिलों में पाला पड़ने की आशंका जताई जा रही है।