मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (बीटीआर) के बफर जोन में स्थित एक कुएं में 14 वर्षीय एक बाघिन का शव मिला है। बाघिन के शव को डुबाने के लिए दो भारी पत्थरों से बांधा गया था। बीटीआर के क्षेत्रीय निदेशक विंसेट रहीम ने शुक्रवार को बताया कि यह अवैध शिकार का संदिग्ध मामला है क्योंकि मृत बाघिन टी-32 के चेहरे पर चोट के दो निशान पाए गए हैं।
रहीम ने कहा, बाघिन का शव पिछले हफ्ते ही मिला है। शव को दो बड़े पत्थरों से बांधा गया था। बाघिन के चेहरे पर कुल्हाड़ी की तरह के धारदार हथियार से चोट के दो निशान भी पाए गए हैं। बाघिन की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में मौत कोई निश्चित कारण नहीं बताया गया है। हालांकि विसरा को जांच के लिए भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों नहीं बख्शा जाएगा। इस अभयारण्य के आसपास लोगों के अनुसार बाघिन टी-32 पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र थी। रहीम ने कहा कि मृत बाघिन 14 साल की थी और पांच बार के प्रजनन में उसने कई बाघ शावकों को जन्म दिया था। हालांकि उन्हें इस बात की सटीक जानकारी नहीं है कि इस बाघिन की कितनी संतानें अभी बीटीआर में हैं।
बता दें, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व 1,536.93 वर्ग किलोमीटर इलाके में फैला हुआ है और रिजर्व में 104 वयस्क बाघ हैं। उन्होंने कहा कि यह देश में बाघों की घनी आबादी वाले क्षेत्रों में से एक है।